सहरसा। जिले में 25 मार्च से ताड़ व खजूर का नीरा और उससे संबंधित पेड़ा, मिठाई जैसे उत्पाद की बिक्री शुरू होगी। इसके लिए चार स्थायी और 120 चलंत काउंटर का लाइसेंस उत्पाद विभाग ने जारी कर दिया।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए जीविका समूह ने प्लेन नीरा के साथ लीची, आम,नारंगी,अनानास,स्टाबेरी, तुलसी व अन्य फलों के फ्लेवर युक्त नीरा बेचने की तैयारी की है। जिला प्रशासन लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए नीरा को इस वर्ष मुख्य शीतल पेय के रूप में प्रस्तुत करना चाहता है।
नीरा की बिक्री के लिए उत्पाद विभाग द्वारा जीविका दीदियों को अनुज्ञप्ति जारी किया जाएगा। जिले में 124 नीरा बिक्री काउंटर खोले जाएंगे। इन काउंटरों पर 60 दिन पर दो लाख एक हजार 63 लीटर नीरा बेचे जाने की योजना है।
इससे जहां जीविका दीदियों व नीरा उतारनेवाले लोगों को रोजगार मिलेगा, वहीं आमलोगों को स्वास्थ्यवर्द्धक पेय सस्ते दर पर मिल सकेगा। ढाई सौ एमएल फ्लेवरयुक्त नीरा के केन की कीमत 20 रुपये निर्धारित की गई है।
पेड़ा स्थानीय स्तर पर तैयार होने लगा है। आईसक्रीम व अन्य मिठाई बनाने के लिए जीविका दीदियों को आनलाइन प्रशिक्षण दिया गया है। आफलाइन प्रशिक्षण के बाद नीरा से संबंधित अन्य उत्पाद भी स्थानीय स्तर पर ही तैयार होगा।


