मुजफ्फरपुर। होली स्पेशल ट्रेनों के अलावा स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधा, सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूर्व-मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि होली के बाद वापस होने वाले रेल यात्रियों की सुविधा के लिए मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, धनबाद, पटना, दानापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन गया सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर 16 से 23 मार्च तक अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे।
वहीं मंडलों में रेल टिकट के अवैध कारोबार करने वालों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीसी कैमरे से टिकट दलालों पर सीधी निगरानी रखी जा रही। स्टेशनों, ट्रेनों, शौचालय, कोच आदि में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता सहित देश के अन्य प्रमुख स्टेशनों से पूर्व-मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों के लिए नियमित ट्रेनों के अलावा 24 जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। यात्री सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो इसके लिए स्टेशनों पर रेल सुरक्षा बल निरंतर चौकसी बरत रहा है।
डाग स्क्वायड के साथ महिला रेल यात्रियों की सुविधा हेतु आरपीएफ की महिला वाहिनी टीम सक्रिय है। राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेल सुरक्षा बल, टीटीई बीच समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। होली को लेकर परदेस से यात्री पहुंचने लगे हैं। दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा, हावड़ा आदि से आने वाली विभिन्न एक्सप्रेस व स्पेशल ट्रेनें सोमवार को जंक्शन पर पहुंचीं।
ट्रेनों से अधिक संख्या में यात्री उतरे। ट्रेनों के एसी, स्लीपर और जनरल बोगियों में जगह नहीं है। अधिकतर यात्रियों ने जगह नहीं मिलने पर खड़े होकर ही लंबी दूरी का सफर तय किया। यहां तक किही शौचालय के पास बैठकर भी यात्री को सफर करने को मजबूर हुए। यात्रियों को काफी परेशानी करना पड़ा। रास्ते में यात्रियों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। उसके साथ है ट्रेनों में खाद्य पदार्थ बेचने वाले अवैध वेंडर भी मनमाने तरीके से वसूली कर रहे है।
