SUPAUL :अचानक पत्नी को बीच रास्ते में छोड़कर पति हो गया फरार, भटकते-भटकते ससुराल पहुंची युवती तो सास ने उसे नहीं आने दिया घर के अंदर

सुपौल (बिहार)। प्रेम प्रसंग में शादी रचाकर पत्नी को साथ ले युवक अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसे भटकने के लिए छोड़ कर फरार हो गया। भटकती युवती सोमवार को अपने ससुराल पहुंच गई, लेकिन ससुराल वालों ने उसे अपनाने से इंकार कर दिया। अब मामला पंचायत में है और महिला बार-बार न्याय की गुहार लगा रही है। लेकिन उसकी सास बेटे के घर लौटने तक महिला को अपनाने के लिए तैयार नहीं है।
मामला मरौना थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलही पंचायत के मौआही गांव का है। मौआही के पवन गुप्ता ने 12 दिसंबर को नेपाल के सप्तरी जिला की एक युवती से शादी रचा ली। शादी की तस्वीर भी महिला अपने साथ लेकर आई है। लेकिन ससुराल वाले नहीं मान रहे हैं और महिला घर के बाहर टूटी झोपड़ी में बिना बिस्तर के रह रही है। उसका दावा है कि 6 महीने से उसका पवन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। 10 दिसंबर को उसकी शादी के छेका के लिए परिजन धरान जाने वाले थे। लेकिन अचानक पवन उसके घर आया और शादी रुकवा दी। 12 दिसंबर को ग्रामीणों की उपस्थिति में पवन के साथ उसकी शादी हुई। 17 दिसंबर को पवन उसे अपने साथ ससुराल ला रहा था। लेकिन रास्ते में मधुबनी जिले के भूतहा चौक पर उसकी अपने बहन-बहनोई से मुलाकात हुई और इसके बाद वह अचानक गायब हो गया। बाद में भटकती युवती अपने ससुराल पहुंची। जहां सास पवन के लौटने तक उसे अपनाने से इनकार कर रही है।

युवक की मां ने बेटे के अपहरण का आरोप लगाया
पीड़िता ने कहा कि छः माह पूर्व चचेरे भाई घूरण साहके साथ उसके ससुराल हटैल गांव पहुंचा था। वहां से एक किलोमीटर पर चनही गांव है, जहां उसके चाचा का ससुराल है। चाची से मिलने दोनों चनही पहुंचे। जहां दोनों में आंखें चार हुई और आना-जाना शुरू हुआ। दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। पवन की मां का कहना है कि 10 को पवन, घूरण के साथ जनकपुर मेला देखने निकला था। दो दिन बाद लौटे घूरण ने पवन की शादी करवा देने की बात कही। लेकिन पवन अब तक घर नहीं लौटा है। युवक की मां ने बेटे के अपहरण का आरोप लगाया है।

पति ने रास्ते में छोड़ा तो भटकती हुई पहुंची ससुराल
पीड़िता ने बताया कि पवन की बहनोई प्रभु साह से फोन पर बात हो रही थी। प्रभु का घर मधुबनी के नरही गांव में है। गाड़ी जब भूतहा चौक पहुंची तो वहां पवन के बहन व बहनोई पूर्व से मौजूद थे। बहन-बहनोई से मिलने के नाम पर पवन गाड़ी से उतरा और सभी को आगे बढ़ने की सलाह दी। उसने कहा कि वह पीछे से आएगा। लेकिन निर्मली पहुंचने पर चालक ने युवती सहित उसके माता-पिता को गाड़ी से उतार दिया। इसके बाद युवती अपने माता-पिता के साथ किसी प्रकार भटकते हुए अपने ससुराल पहुंची।

सामाजिक कवायद का नहीं दिख रहा असर, हो रही प्रतीक्षा
युवती तथा उसके माता-पिता ने सरपंच सहित स्थानीय लोगों से न्याय की गुहार लगाई तो समाज के लोगों ने पवन के घर लौटने तक उसे अपने घर में रखने की सलाह दी। लेकिन तीन दिनों से लगातार कई राउंड की पंचायत के बाद भी पवन की मां मानने को तैयार नहीं है। वह बार-बार मारपीट कर महिला को अपने घर से निकाल देती है। कड़ाके की ठंड में भी पीड़िता घर के बाहर एक टूटी झोपड़ी में चादर के सहारे पति के लौटने का इंतजार कर रही है।

पंचायत में पंचों के फैसले को नहीं मान रही पवन की मां
मामला ग्राम कचहरी के क्षेत्राधिकार से बाहर का है, बावजूद दोनों पक्ष में समझौता का प्रयास किया गया, लेकिन पवन की मां पंचों के फैसले को मानने के लिए तैयार नहीं है। परमेश्वर साह, ग्राम कचहरी सरपंच, बेलही पंचायत।

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है और ना ही किसी भी पक्ष से आवेदन से प्राप्त हुआ है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। युगेश्वर सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष, मरौना।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading