MUZAFFARPUR : ब्रजेश ठाकुर समेत 21 आरोपियों के खिलाफ, विशेष पॉक्सो कोर्ट में सीबीआई ने चार्जशीट की दायर

मुजफ्फरपुर। बालिका गृहकांड में जेल में बंद ब्रजेश ठाकुर समेत 21 आरोपियों के खिलाफ बुधवार को विशेष पॉक्सो कोर्ट में सीबीआई ने चार्जशीट दायर की। चार्जशीट में बाल कल्याण समिति के तत्कालीन अध्यक्ष दिलीप वर्मा समेत दो को फरार बताया गया है। सीबीआई के प्रवक्ता आरके गौर ने 21 के खिलाफ चार्जशीट की पुष्टि की। इस कांड में अब तक 19 आरोपित जेल में हैं। सूत्रों की मानें तो चार्जशीट में सीबीआई ने दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न, प्रताड़ना और किशोरियों की संदिग्ध स्थिति में मौत को लेकर चार्जशीट दायर की है। सरकारी राशि के गबन को लेकर बाद में पूरक चार्जशीट दायर की जाएगी। कोर्ट ने चार्जशीट के प्रमुख आधार की जानकारी मांगी।

आईओ ने कोर्ट को बताया कि किशोरियों के 164 के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान, कबूलनामा, सीएफएसएल की जांच रिपोर्ट को महत्वपूर्ण साक्ष्य बनाया गया है। ब्रजेश ठाकुर के बारे में स्पष्ट किया गया है कि वह बालिका गृह में न केवल किशोरियों को बेरहमी से मारता-पीटता था बल्कि यौन उत्पीड़न भी करता था। समाज कल्याण विभाग की अधिकारी रोजी रानी पर आरोप है कि उसने सबकुछ जानते हुए मामले को दबाए रखा। सीबीआई ने 2000 से अधिक पन्ने में आरोपितों के कारनामे का काला चिट्ठा खोल दिया है। लाल कपड़े में बंधे चार्जशीट की 8 फाइलों का बंडल आईओ ने कोर्ट में पेश किया। विशेष न्यायाधीश आरपी तिवारी ने सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक विनय कुमार से पूछा कि कितने नंबर पारा में किस आरोपी के खिलाफ क्या महत्वपूर्ण साक्ष्य और चार्ज है, इसकी सूची भी अलग से दें। सीबीआई ने इसके लिए अलग से एक फाइल कोर्ट को सौंपी।

सीपीओ ने मामले को दबाया व किशोरियों का किया उत्पीड़न
बाल संरक्षण पदाधिकारी (सीपीओ) रवि रोशन ने न केवल किशोरियों पर हो रहे जुल्म को दबाया बल्कि उस पर किशोरियों के उत्पीड़न का भी आरोप लगाया गया है। बालिका गृह में कार्यरत महिला कर्मियों पर किशोरियों की प्रताड़ना, मारपीट और पॉक्सो के मामले को दबाने का आरोप है। बाल कल्याण समिति के सदस्य विकास पर किशोरी से रेप का आरोप है।

ब्रजेश ठाकुर को रिमांड पर ले सकती है सीबीआई, कई अधिकारी भी रडार पर
बालिका गृह कांड में चार्जशीट दायर करने के बाद सीबीआई अब सरकारी फंड के गबन के बिंदु पर कार्रवाई शुरू करेगी। सीबीआई ने अब तक किशोरियों के यौन उत्पीड़न और संदिग्ध मौत के बिंदु पर छानबीन व कार्रवाई की। बताया गया कि गबन के बिंदु पर अलग से चार्जशीट भी दायर की जाएगी। इसमें अब समाज कल्याण विभाग के दिग्गज अधिकारी जांच के रडार पर आएंगे। बताया गया कि अब तक सीबीआई ने इस मामले में ब्रजेश से पूछताछ नहीं की है। इस बिंदु पर ब्रजेश को सीबीआई रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है।

कांड में अब तक 19 आरोपी जेल में बंद, दो चल रहे फरार
संचालक व मुख्य संरक्षक ब्रजेश ठाकुर, जिला बाल सरंक्षण पदाधिकारी रवि रोशन, बाल कल्याण समिति के सदस्य विकास कुमार, सहायक निदेशक रोजी रानी, ब्रजेश की राजदार मधु, स्टाफ कृष्णा कुमार, गुड्डू पटेल, गौरव कुमार उर्फ मोटू, विजय तिवारी, रामानुज ठाकुर, संतोष कुमार, अश्विनी कुमार, चंदा देवी, किरण कुमारी, हेमा मसीह, मंजू देवी, इंदु कुमारी, नेहा कुमारी और मीनू देवी।

चार्जशीट में पूर्व मंत्री के पति के नाम की है चर्चा
बालिका गृह कांड में सीबीआई की ओर से दायर चार्जशीट में 21 लोगों के नाम हैं। नाम उजागर न हो, इसलिए सीबीआई गुप्त रख रही है। चार्जशीट में पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के पति चंदेश्वर वर्मा का नाम भी होने की चर्चा है।
कब-कब क्या हुआ
– 9 नंवबर 2017 को बालिका गृह में टिस ने सोशल ऑडिट की
– 26 मई 2018 को टिस की रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न का हुआ खुलासा
– 28 मई 2018 को समाज कल्याण विभाग के निदेशक ने मामले में कार्रवाई का दिया निर्देश
– 30 मई 2018 को बालिका गृह से 47 किशोरियों को मधुबनी और पटना भेजा गया
– 31 मई 2018 को महिला थाने में बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक ने दर्ज कराई एफआईआर
– 2 जून 2018 को ब्रजेश ठाकुर और बालिका गृह की 7 महिलाओं को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
– 25 जुलाई 2018 को ब्रजेश समेत 11 लोगों पर पुलिस ने चार्जशीट दायर की, दिलीप वर्मा को फरार बताया
– 28 जुलाई 2018 को सीबीआई ने इस कांड की एफआईआर दर्ज की और घटनास्थल का मुआयना किया
– 30 जुलाई 2018 को महिला थाने की पुलिस ने कांड की फाइल का चार्ज सीबीआई को सौंपा
– 21 सितंबर 2018 को सीबीआई ने तत्कालीन सहायक निदेशक रोजी रानी को पकड़ा
– 3 अक्टूबर 2018 को किशोरी की संदिग्ध स्थिति में मौत की छानबीन करते हुए श्मशान से कंकाल निकाला
– 20 नवंबर 2018 क

ो ब्रजेश की राजदार मधु और किशोरी को नशीली सूई देने वाले अश्विनी को पकड़ा गया
– 19 दिसंबर 2018 को सीबीआई ने ब्रजेश समेत 21 आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading