पटना/दिल्ली. रेलवे टेंडर घोटाला मामले में गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई हुई। चारा घोटाला मामले में जेल की सजा काट रहे लालू यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। वहीं, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव भी कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट ने लालू, राबड़ी और तेजस्वी समेत मामले के सभी आरोपियों की अंतरिम जमानत की अवधि 19 जनवरी तक बढ़ा दी। मामले की अगली सुनवाई अब 19 जनवरी को होगी।

क्या है आईआरसीटीसी घोटाला?
आईआरसीटीसी (भारतीय रेल पर्यटन एवं खानपान निगम) टेंडर घोटाले में राजद सुप्रीमो लालू यादव पर आरोप है कि उन्होंने साल 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहते हुए एक निजी कंपनी को अवैध तरीके से भुवनेश्वर और रांची में दो होटलों को चलाने का ठेका दिया था।
इसके एवज में उन्हें पटना के सगुना मोड़ इलाके में इस कंपनी ने 3 एकड़ जमीन मुहैया कराई थी। इस मामले में सीबीआई ने लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।