पटना। सूबे में सूरज का तल्ख तेवर के कारण चैत मास में ही लोगों को जेठ की गर्मी का एहसास होने लगा है। प्रदेश का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार है। राजधानी पटना के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
दो दिनों बाद तापमान में आंशिक वृद्धि के आसार हैं। पटना का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर, प्रदेश का सर्वाधिक गर्म स्थान दर्ज किया गया। वहीं 20.1 डिग्री सेल्सियस अगवानपुर (सहरसा) का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में पूर्वी हवा का प्रवाह सतह से 0.9 किमी उपर तक बना हुआ है। इसकी गति 5-6 किमी प्रतिघंटा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन-रात के तापमान में अगले दो दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं होगा।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में वृद्धि का कारण पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म हवा है। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश के कई हिस्सों में जलाशय होने के कारण पश्चिम से आ रही गर्म पूर्वी हवा के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की जाती हैं हालांकि पछुआ हवा के कारण पहाड़ी वाले इलाकों में तापमान अधिक दर्ज किया जाता है।
वहीं प्रदेश में आंधी-पानी के हालात नहीं बनने से भी पारे में वृद्धि देखी जा रही है। मौसम विज्ञानी की मानें तो आने वाले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश का तापमान 38-40 डिग्री के नीचे रहने के आसार हैं। वहीं तीन से चार दिनों के बाद पछुआ के कारण तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं।
