सरकारी नौकरी के लिए एग्जाम पास कराने वाले सेटर्स गि’रफ्तार

रुपए लेकर सरकारी नौकरी के लिए एग्जाम पास कराने वाले 4 सेटर्स पटना पुलिस के हाथ लगे। इन्हें पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से एग्जाम के दौरान कैंडिडेट्स को सवालों का जवाब पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला कुल 29 ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ।

इसमें 21 नैनो ब्लूटूथ डिवाइस और 8 ऐसे ब्लूटूथ डिवाइस हैं, जिसमें सीम कार्ड लगाने का स्लॉट बना है। ये डिवाइस ऐसे हैं, जिन्हें इनके साथ सेटिंग करने वाले कैंडिडेट्स अपने कपड़ों के अंदर छिपाकर एग्जामिनेशन हॉल में बैठते हैं। इसके अलावा 7 ऐसे डिवाइस मिले हैं, जिसे कैंडिडेट्स कान के अंदर लगाते हैं।

इस डिवाइस की साइज ऐसे है कि कान में लगाने के बाद किसी को पता भी नहीं चलता है। इन शातिरों के ठिकाने से पुलिस को काफी सारे कैंडिडेट्स के एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी, कैंडिडेट्स के मोबाइल नंबर लिखी हुई लिस्ट, 4 ATM कार्ड और 6 मोबाइल मिले हैं। साथ ही इनके एक बैंक अकाउंट में 9 लाख रुपए 5 जनवरी को जमा कराए जाने के सबूत मिले हैं।

जिन 4 शातिरों को पत्रकार नगर के थानेदार मनोरंजन भारती और उनकी टीम ने पकड़ा है, उसमें गया के टेकारी का मनोज उर्फ हरि, विकास कुमार, नालंदा के सरमेरा का गोपेश कुमार और प्रभात कुमार शामिल हैं।

इसमें पकड़ा गया प्रभात होमगार्ड का जवान है और बड़हिया में पोस्टेड है। शुक्रवार को थानेदार ने बताया कि NH-30 से सटे 90 फीट इलाके में गुरुवार की दोपहर 7-8 संदिग्ध लोगों पर पेट्रोलिंग टीम की नजर पड़ी थी।

जब टीम इनकी ओर बढ़ी तो सभी भागने लगे। इनमें यही 4 लोग पकड़े गए। पूछताछ के क्रम में खुलासा हुआ। फिर इनकी निशानदेही पर टीम इनके ठिकाने पर गई। वहां से काफी कुछ मिला।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.