समस्तीपुर : कॉलेज में मनोविज्ञान विभाग की ओर से अच्छी पहल, जानें क्या हैं पहल?

समस्तीपुर। समस्तीपुर कॉलेज में मनोविज्ञान विभाग की ओर से अच्छी पहल की गई है। मनोविज्ञान पढ़ने वाले छात्रों को नेट-जेआरएफ की तैयारी कराई जाएगी। मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डा. साधना शर्मा ने इस दिशा में नई पहल की है।

इसमें अन्य कॉलेजों में अध्ययनरत इच्छुक छात्र-छात्रा भी शामिल हो सकते हैं। छात्रों को समस्तीपुर कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में पंजीयन कराना होगा। निबंधन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल है। कक्षा में नामांकन के लिए मई के प्रथम सप्ताह में परीक्षा होगी।

चयनित विद्यार्थियों को ही तैयारी के लिए चुना जाएगा। परीक्षा की तैयारी कराने की संपूर्ण प्रक्रिया निशुल्क होगी। डा. साधना ने कहा कि विगत दो-तीन वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नों का स्वरूप जटिल हो गया है।

ऐसे में बिना छह-सात घंटे प्रतिदिन अध्ययन किए सफल हो पाना मुश्किल है। समस्तीपुर कॉलेज की मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डा. साधना शर्मा ने बताया कि सहायक प्राध्यापक पद के लिए नेट परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।

इसके लिए समस्तीपुर कॉलेज के अलावा बाहरी बच्चों को भी निशुल्क तैयारी कराई जाएगी। छात्रों के चयन को लेकर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।

डा. शर्मा ने कहा कि सफलता के लिए मेहनत करनी पड़ती है। पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व का विकास बेहद जरूरी है। जीवन में असंभव कुछ भी नहीं होता। अगर, मेहनत और लगन सही दिशा में हो तो लक्ष्य की प्राप्ति आसानी से की जा सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.