इंदौर. जीएसटी काउंसिल की बैठक 22 दिसंबर को होने जा रही है। तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत के बाद केंद्र सरकार आमजन को राहत देने के लिए 28 फीसदी जीएसटी में शामिल कई वस्तुओं को 18 फीसदी में लाने की बात कह रही है। काउंसिल यदि आम जन उपयोगी वस्तुओं पर टैक्स कम करने का फैसला लेते है तो यह राहत अलग-अलग मदों में दो रुपए से लेकर 31 हजार रुपए तक हो सकता है।
सबसे ज्यादा राहत मोटर व्हीकल में मिल जाएगी जो अभी औसतन चार लाख रुपए का आता है तो 18 फीसदी जीएसटी होने पर तीन लाख 68 हजार 750 रुपए हो जाएगी, यानी 31250 रुपए सस्ता। अभी कोल्डड्रिंक औसतन 20 रुपए की आती है और यदि 18 फीसदी जीएसटी में आती है तो यह 18 रुपए की हो जाएगी, यानी दो रुपए सस्ती।

इन आयटम को सस्ता नहीं करेगी सरकार :
वरिष्ठ कर सलाहकार आरएस गोयल ने बताया कि 28 फीसदी स्लैब में अभी 37 आयटम है, लेकिन इसमें पान मसाला, तंबाकू, रिवॉल्वर व पिस्टल, लॉटरी, निजी उपयोग के एयरक्राफ्ट, स्मोकिंग पाइप आदि भी है, जिन पर सरकार टैक्स कम नहीं करेगी। हालांकि एसी, टीवी, दो पहिया वाहन, सीमेंट आदि ऐसी वस्तुएं है जो अब लग्जरी से हटकर आम उपयोग की श्रेणी में आ गई है, इन पर टैक्स कम करने से काफी राहत मिलेगी।
वित्तमंत्री नहीं है, मप्र का पक्ष नहीं रख पाएंगे :
मप्र के साथ ही छत्तीसगढ़, राजस्थान तीनों जगह अभी मंत्रिमंडल नहीं बना है, इसके चलते वित्तमंत्री अभी नहीं है। नियमानुसार जीएसटी काउंसिल में हर राज्य का वित्तमंत्री ही सदस्य होता है और वही अपना पक्ष रख सकता है, हालांकि अधिकारी भी रहते हैं, लेकिन उन्हें तभी बोलने का अधिकार मिलता है, जब काउंसिल उनसे कोई बात पूछती है। ऐसे में विधानसभा चुनाव के बाद हो रही जीएसटी काउंसिल में इस बार मप्र का पक्ष रखा जाना मुश्किल होगा।
सामग्री 28% पर कीमत 18% पर कीमत अंतर
कोल्डड्रिंक 20 रु. 18 रु. 2 रु. कम
सीमेंट 300 रु. 277 रु. 23 रु. कम
टायर, ट्यूब 3000 रु. 2766 रु. 234 रु. कम
एयर कंडिशनर 25 हजार रु 23047 रु. 1953 रु. कम
टीवी, मॉनिटर, प्रोजेक्टर 20 हजार रु. 18438 रु. 1563 रु. कम
डिजिटलकैमरा,वीसीआर दस हजार रु. 9219 रु. 781 रु. कम
मोटर व्हीकल चार लाख रु. 3.68 लाख रु. 31250 रु. कम
मोटरसाइकिल, स्कूटर 50 हजार रु. 46094 रु. 3906 रु. कम