आयुष्मान भारत योजना का गोल्डन कार्ड होने के बावजूद नहीं मिल रहा इलाज, इच्छामृत्यु चाहते हैं आरिफ

पत्थलगडा (चतरा). आयुष्मान भारत योजना का गोल्डन कार्ड होने के बावजूद सिंघानी गांव के मो. आरिफ अंसारी काे इलाज नहीं मिल रहा। हर अस्पताल यह कहकर लौटा देता है कि बेड खाली नहीं है। ऐसे में आरिफ अब इच्छामृत्यु चाहते हैं।

पिता अब्दुल गफूर ने बताया कि करीब दो माह पहले आरिफ को करंट लग गया था। इससे शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह से झुलस गया। उसे रिम्स में भर्ती कराया। पांच दिन इलाज के बाद बिना स्वस्थ हुए ही वहां से छुट्‌टी दे दी। घर लाने के बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर रांची के मेदांता, अपोलो, लाइफ केयर और राज अस्पताल सहित कई अन्य अस्पतालों में ले गए, लेकिन किसी ने भर्ती नहीं किया। सभी जांच के लिए बड़ी रकम मांग रहे थे। दोबारा रिम्स ले गए, मगर वहां भी भर्ती नहीं किया। पैसे न होने के कारण उसे घर लाना पड़ा। इस दौरान इलाज में घर के सारे पैसे खर्च हो गए। जेवर भी बिक गए। अब खाने तक के लाले पड़े हैं।

आरिफ बोले- गरीबी-दर्द से परेशान, मौत के सिवाय कोई चारा नहीं
आरिफ ने कहा-मैं स्वस्थ होना चाहता हूं। लेकिन गरीबी बाधक बनी है। आयुष्मान भारत योजना से इलाज नहीं हो पा रहा है। प्राइवेट अस्पताल इलाज करना नहीं चाहते। दर्द और हताशा से परेशान हूं। अब मरने के सिवाय कोई चारा नहीं दिखता। इसलिए इच्छामृत्यु चाहता हूं। आरिफ के तीन बच्चे हैं। वह मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का खर्च वहन कर रहा था। घर के नाम पर एक पुराना इंदिरा आवास है।

योजना से विश्वास उठने लगा है : प्रमुख

पत्थलगड़ा के प्रमुख धनुषधारी राम दांगी ने कहा कि गोल्डन कार्ड का लाभ आरिफ के परिवार को नहीं मिल पा रहा है। बड़े अस्पतालों की मनमानी के कारण लोगों का इस योजना से विश्वास उठने लगा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.