पटना/दिल्ली. सीट शेयरिंग को लेकर बिहार एनडीए में सहयोगी दल लोजपा बीजेपी से नाराज चल रही है। डैमेज कंट्रोल के लिए गुरुवार शाम बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान, सांसद चिराग पासवान और पशुपति पारस से मुलाकात की। बैठक में वित्त मंत्री अरुण जेटली भी मौजूद थे। इससे पहले रामविलास पासवान बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव से मिलने उनके आवास पहुंचे। सभी नेताओं के बीच करीब 2 घंटे तक चर्चा चली। इसके बाद चारों नेता अमित शाह के आवास पहुंचे।
लोजपा ने की 7 सीटों की मांग
बता दें कि पशुपति पारस ने 2019 लोकसभा चुनाव के लिए 7 सीटों की मांग की थी। उन्होंने कहा कि हम 31 दिसंबर तक फैसले का इंतजार करेंगे। उन्होंने भाजपा के साथ गठबंधन पर कहा कि बूंद-बूंद से तालाब भरता है। इस बीच लोजपा सांसद चिराग पासवान ने कहा- राहुल गांधी में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने अच्छे मुद्दों का चयन किया और हम मंदिर और धर्म में उलझे रहे।

राहुल ने अच्छे मुद्दों का चयन किया- चिराग
चिराग पासवान ने कहा- निश्चित तौर पर राहुल गांधी के भीतर सकारात्मक बदलाव आए हैं। कांग्रेस लंबे अरसे के बाद जीती है। आपको इसका श्रेय उन्हें देना चाहिए। अगर आप किसी की आलोचना करते हैं, तो आपको उनके अच्छा प्रदर्शन करने पर तारीफ भी करनी चाहिए।
चिराग ने कहा, “जिस तरह से उन्होंने (राहुल) किसानों और बेरोजगारी के मुद्दों को उठाया, मुझे लगता है कि उन्होंने अच्छी तरह से चयन किया। और, हम लोग मंदिर और धर्म में उलझे रहे। मैं सरकार से अपील करता हूं कि आने वाले समय में हम लोग पूरी तरह से विकास पर फोकस करें।”
भाजपा-जदयू ने समझौता किया, हमें पूछा तक नहीं- पशुपति
पशुपति ने कहा- भाजपा और जदयू ने आधी-आधी सीटों पर समझौता कर लिया और लोजपा को पूछा तक नहीं। अगर आप हमसे बात नहीं करेंगे तो हम पीछे-पीछे क्यों दौड़ेंगे? भाजपा को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए।