मुजफ्फरपुर. बरौनी से नई दिल्ली जा रही ट्रेन नंबर- 12553 वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस गुरुवार को पहले देवरिया फिर बैतालपुर स्टेशन के पास एसी-फ़र्स्ट समेत 5 बोगियों को ट्रैक पर ही दौड़ती छोड़कर 10 किलोमीटर आगे निकल गई। पीछे छूटी ये बोगियां ट्रैक पर काफी दूर जाकर रुकीं। दो बार हुई इस घटना में कई लोग जख्मी हो गए। घायलों का इलाज गोरखपुर में कराया गया।

दो घंटे के अंदर दो बार दो हिस्सों में वैशाली एक्सप्रेस के बंटने से रेलवे बोर्ड तक हड़कंप मच गया। सूचना पर बनारस व गोरखपुर मंडल के कई बड़े अधिकारी गोरखपुर पहुंचे और यात्रियों का हाल जाना। घायल यात्रियों के प्राथमिक उपचार के बाद रात 9.30 बजे नई दिल्ली के लिए ट्रेन को रवाना किया गया। घटना की जांच का आदेश दिया गया है। बताया जाता है कि सोनपुर मंडल के कैरिज विभाग के कर्मियों की लापरवाही सामने आई। जख्मी यात्रियों में दो लोग मुजफ्फरपुर हैं।
बोगियों के खुद रुकने के बाद गार्ड को मिली जानकारी
बताया गया कि देवरिया से ट्रेन शाम 4.40 बजे गोरखपुर के लिए चली ही थी कि इंजन समेत 20 बोगियां कट कर आगे निकल गईं। पर, लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। फिर इंजन वापस लाकर जोड़ा गया। ट्रेन गोरखपुर के लिए रवाना हुई। बैतालपुर स्टेशन के पास एसी-फ़र्स्ट व एसी-2 के बीच की कपलिंग फिर टूट गई। इस बार 5 बोगियों को छोड़ कर इंजन और 20 बोगियां आगे निकल गईं। पीछे छूटी 5 बोगियां ट्रैक पर काफी दूर तक दौड़ने के बाद रुक गईं। तब तक बाकी बोगियों के साथ इंजन करीब 10 किमी आगे निकल चुका था। पीछे के कोच में सवार गार्ड को इंजन से अलग होने का पता तब चला जब बोगियां खुद रूक गई।