MUZAFFARPUR : ब्रजेश ठाकुर के बाद सबसे बड़े आरोपी बाल कल्याण समिति केअध्यक्ष दिलीप वर्मा ने आखिरकार किया सरेंडर

मुजफ्फरपुर. बालिका गृहकांड में ब्रजेश ठाकुर के बाद सबसे बड़े आरोपी बाल कल्याण समिति के तत्कालीन अध्यक्ष दिलीप वर्मा ने गुरुवार को विशेष पॉक्सो कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वह दोपहर 12 बजे के बाद वकील के पास पहुंचा और जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सरेंडर कर दिया। कोर्ट से उसकी कुर्की का आदेश लिया जा चुका था। कई बार पुलिस और सीबीआई दिलीप को पकड़ने के लिए करजा थाना क्षेत्र में उसके घर पर छापेमारी कर चुकी है।


दिलीप को फरार बताते हुए न्यायालय में चार्जशीट दायर की गई है। दिलीप अक्सर बालिका गृह में जांच करने जाता था। हर सप्ताह कैंप लगाकर सुनवाई करता था और सब कुछ ठीक हाेने का सर्टिफिकेट देता था। इस क्रम में दिलीप और उसके साथी विकास पर किशोरियों के साथ दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। कांड में इसके साथी विकास को पुलिस ने पहले ही नया टोला स्थित मोहल्ले से गिरफ्तार किया था। इसकी गिरफ्तारी होते ही दिलीप वर्मा अंडरग्राउंड हो गया था। उसके घर पर पुलिस ने इश्तेहार भी चिपकाया था।

पेशी के बाद चेहरा छिपाता रहा दिलीप
पेशी के बाद हाजत पर तैनात पुलिस जवान जब उसे लेकर चले तो कई मीडिया कर्मियों ने उसकी तस्वीर लेनी चाही। इस दौरान मफलर और मंकी कैप से दिलीप वर्मा अपना चेहरा छिपाता रहा। पुलिस भी काफी सतर्क रही कि जघन्य अपराध के इस आरोपी पर कोई हमला नहीं कर दे। क्योंकि इस कांड के आरोपित ब्रजेश ठाकुर के चेहरे पर पेशी के दौरान कालिख पोत दी गई थी।

दिलीप को रिमांड पर लेने की अर्जी डाल सकती है सीबीआई
दिलीप वर्मा के सरेंडर करने की सूचना मिलने के बाद सीबीआई के अधिकारी अभिनव कुमार समेत कई अधिकारी विशेष पॉक्सो कोर्ट पहुंचे। कोर्ट से जानकारी लेने के साथ उसके पुलिस रिमांड के मुद्दे पर बात की। शुक्रवार को दिलीप वर्मा को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लेने की सीबीआई अर्जी भी डाल सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.