पटना। बिहार सरकार के राजस्व का एक प्रमुख स्त्रोत बालू है, लेकिन इससे जुड़े विभाग के पास संसाधनों की काफी कमी है। बालू से संबंधित खान एवं भू-तत्व विभाग अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है।
विभाग में सहायक निदेशक, अपर निदेशक के साथ ही सैकड़ों की संख्या में अराजपत्रित कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। अब रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए मुख्य सचिव की पहल पर विभाग ने रोडमैप तैयार करने की कवायद शुरू की है।
बीते दिनों मुख्य सचिव ने खान एवं भू-तत्व विभाग के कार्यकलापों की समीक्षा की। बैठक में विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर के साथ निदेशक समेत कई जिलों के खनन पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यह बात सामने आई कि विभाग में सहायक निदेशक, अपर निदेशक के करीब 40 पद रिक्त हैं। इन पदों को प्रोन्नति से भरा जाना है, लेकिन विभाग में अफसरों की कमी की वजह से प्रोन्नति से इन पदों को नहीं भरा जा सकता।
यही नहीं खान एवं भू-तत्व विभाग में अराजपत्रित पदाधिकारियों के तकरीबन 314 पद रिक्त हैं। यह पद 10 वर्षो से रिक्त हैं जिन्हेें 10 वर्षो में भरा नहीं जा सका। अधिकारियों की कमी की जानकारी मिलने के बाद मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने विभाग की अपर मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि वे रिक्त पदों पर बहाली का रोड मैप तैयार करें इसके पूर्व सामान्य प्रशासन विभाग से समन्वय भी स्थापित करें, ताकि बहाली किस पैटर्न पर हो इसका विवरण रोड मैप में शामिल किया जा सके। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि विभाग जल्द से जल्द रोड मैप तैयार कर नियुक्ति का प्रस्ताव इस महीने के अंत तक सामान्य प्रशासन विभाग को मुहैया करा दे।
