दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विवि में अब बैचलर आफ फिजिकल एजुकेशन की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए राजभवन की स्वीकृति भी मिल चुकी है। साथ ही एनसीटीई (राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद) के पोर्टल पर भी पाठ्यक्रम की मान्यता के लिए आनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
एनसीटीई से अनुमति मिलने के साथ ही विश्वविद्यालय स्तर पर 60 सीटों पर बीपीएड की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। उक्त पाठ्यक्रम विवि के खेल विभाग में सेल्फ फाइनेंस मोड में संचालित होंगे। वर्तमान में उक्त पाठ्यक्रम मिथिला विवि के एक मात्र संबद्ध संस्थान मिल्लत टीचर्स ट्रेनिंग कालेज, मधुबनी में संचालित है।

लनामिवि, दरभंगा के खेल पदाधिकारी अजय नाथ झा ने कहा कि बैचलर आफ फिजिकल एजुकेशन पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए राजभवन ने अनुमति दे दी है।
संबंधित एनसीटीई पोर्टल पर कोर्स की मान्यता लेकर आनलाइन अप्लाई किया जा रहा है। संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर विवि में 60 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
