मुजफ्फरपुर : बरसात से पहले नाला निर्माण का कार्य पूरा करें सभी एजेंसियां

मुजफ्फरपुर। महापौर ई. राकेश कुमार ने शहर में चल रहे नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी कंपनी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद महापौर ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई।

उन्होंने स्मार्ट सिटी कंपनी समेत नाला निर्माण में लगी सभी एजेंसियों को बरसात पूर्व काम पूरा करने को कहा। साथ ही निर्माण के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका खयाल रखने को कहा। जहां-जहां निर्माण कार्य चल रहा है वहां पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हो सके।

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चल रहे कार्यों की धीमी गति से चैंबर नाराज : शहर में स्मार्ट सिटी मिशन के तल चल रहे निर्माण कार्यो की धीमी गति से व्यवसायी परेशान हैं। सड़क एवं नाला निर्माण के नाम पर पूरे शहर को खोदकर छोड़ दिया गया है। नार्थ बिहार चैंबर आफ कामर्स ने इस पर नाराजगी जताई है।

चैंबर के अध्यक्ष पुरुषोत्तम लाल पोद्दार ने नगर आयुक्त विवेक रंजन को पत्र लिखकर कहा है कि दो साल तक कोरोना के कहर के कारण पहले ही शहर के व्यवसायियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब सड़क एवं नाला निर्माण के कारण बाजार में जलजमाव होने एवं आवागमन बाधित होने से उनका व्यापार चौपट हो रहा है। उन्होंने नगर आयुक्त से योजनाबद्ध तरीके से निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.