मुजफ्फरपुर, जासं। बज गई घंटी, उठ जाओ तुम, क्यों बैठे हो यूं गुमसुम, बस्ता उठाओ आगे बढ़ो, छोड़ो शर्म तुम पढ़ो, दूर हो जाएगा अब अंधियारा… जिले की शिक्षक व साहित्यकार चांदनी समर द्वारा लिखी इस गीत को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निपुण बिहार कार्यक्रम का एंथम सांग बनाया गया है।
परिषद की ओर से शनिवार को इसे जारी कर दिया है। जारी होते ही इंटरनेट मीडिया पर यह गीत शेयर होने लगा। देर रात तक हजारों की संख्या में लोग इसे देख चुके हैं। इस गीत को लिखने वाली शिक्षक चांदनी समर ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी गीत को निपुण बिहार कार्यक्रम का एंथम सांग बनाया गया है।
इस गीत को शहर की गायिका प्रीति ठाकुर और गायक आदित्य सिंह ने गाया है। वहीं संगीत भी शहर के संगीतकार नित्या घोष ने ही दिया है। कैमरामैन तनवीर अली हैं।
वीडियो की शूटिंग उत्क्रमित हाई स्कूल रामपुर रतन मीनापुर, प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति दरही पट्टी, मीनापुर, मवि कांटी कस्बा और दरभंगा के एक शिक्षण संस्थान में हुई है। निर्देशन चांदनी समर ने स्वयं किया है।


