बिहार की एकमात्र बोचहां विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार की सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया है। इसके सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए 285 मुख्य बूथ स्थापित किए गए हैं। इनके अलावा 65 सहायक बूथों की स्थापना की गई है।

इस तरह से देखा जाए तो कुल 350 बूथ बनाए गए हैं। शाम छह बजे तक वोट डाले जा सकते हैं। इस सीट से कुल 13 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें तीन महिलाएं हैं। वैसे मुख्य मुकाबला भाजपा, वीआइपी व राजद के बीच माना जा रहा है। 
- बेबी कुमारी – भाजपा
- अमर कुमार पासवान -राजद
- तरुण चौधरी – कांग्रेस
- गीता कुमारी – वीआइपी
- जय मंगल राम – राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी
- राजगीर पासवान – बज्जिकांचल विकास पार्टी
- राहुल कुमार – समता पार्टी
- रिंकू देवी – एआइएमआइएम
- विजय कुमार राम – युवा क्रांतिकारी पार्टी
- नरेश कुमार – निर्दलीय
- राजेश कुमार – निर्दलीय
- रामविनय दास – निर्दलीय
- विजय कुमार चौधरी – निर्दलीय
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बोचहां विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2,90,955 है। इनमें 2,90,544 सामान्य, जबकि 411 सेवा मतदाता हैं। मतदाताओं में 1,53,354 पुरुष, जबकि 1,37,597 महिला मतदाता शामिल हैं। इनमें 80 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं की संख्या 4,427 है, जबकि दिव्यांग मतदाता 1,693 हैं।
यदि सुरक्षा इंतजाम की बात की जाए तो यहां शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए अद्र्धसैनिक बलों की 15 कंपनियां तैनात की गई हैं। इतना ही नहीं किसी भी अवांछित स्थिति से निपटने के लिए 10 प्रतिशत रिजर्व के साथ साढ़े तीन सौ से अधिक पीठासीन पदाधिकारी और 50 माइक्रो आब्जर्वर तैनात हैं। बोचहां उप चुनाव के लिए बनाए गए 350 मतदान केंद्रों पर करीब एक हजार पांच सौ से अधिक चुनाव कर्मी लगे हुए हैं।
