पटना : कई जिलों में बेहद गर्म रहेगा मौसम, इन इलाकों में बारिश के बन रहे आसार

पटना। पुरवा और पछुआ के प्रवाह से जारी रहने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश तो कई हिस्सों में लू की स्थिति है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश के उत्तर पूर्व जिलों के अररिया, किशनगंज में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश, जबकि प्रदेश के दक्षिण पश्चिम एवं दक्षिण-मध्य भाग के बक्सर, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर एवं गया, पटना, शेखपुरा, नालंदा में दो दिनों तक लू की स्थिति बने रहने के आसार हैं।

दक्षिण मध्य भाग में पछुआ की गति 10-15 किमी प्रतिघंटा है। वहीं, 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम एवं दक्षिण मध्य भाग वाले स्थानों के तापमान में सामान्य से दो से तीन डिग्री की वृद्धि होगी।

प्रदेश के उत्तर पूर्व जिलों के पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, किशनगंज, अररिया आदि स्थानों पर बिजली चमकने के साथ 16 अप्रैल को बारिश का पूर्वानुमान है।

प्रदेश में सबसे गर्म स्थान डेहरी रहा, जहां का तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री की गिरावट के साथ 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 21.3 डिग्री न्यूनतम तापमान छपरा व अगवानपुर में दर्ज किया गया।

अप्रैल माह में बीते 11 दिनों में पांच अप्रैल को पटना का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 11 अप्रैल को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.