PURNEA : पुल से गिरी उत्पाद अधीक्षक की गाड़ी, भाग रहे पुलिसकर्मियों को पकड़ा

PURNEA : स्थानीय लाइन बाजार और कटिहार मोड़ के बीच में कप्तान पुल के पास एक बाइक को ठोक कर उत्पाद विभाग की स्कॉर्पियो पुल से नीचे गिर गयी. पुल की दीवार को तोड़ते हुए गड्ढे में गिरी स्कॉर्पियो जलकुंभी में फंस गयी. स्कॉर्पियो पर उत्पाद अधीक्षक ओमप्रकाश भी सवार थे. घायल उत्पाद अधीक्षक को निकट के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए ले जाया गया. घटना में घायल बाइक सवार राजनगर निवासी पिंकू कुमार को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष जितेंद्र राणा ने बताया कि घायल उत्पाद अधीक्षक का इलाज चल रहा है. घटना रविवार की शाम की है.

जानकारी के मुताबिक उत्पाद अधीक्षक अपने परिवार के साथ पूर्णिया से कटिहार मोड़ की ओर जा रहे थे, बाइक सवार पिंकू खुश्की बाग से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था. कप्तान पुल के पास के पुल पर दोनों गाड़ियों में आमने-सामने की टक्कर हो गयी. इस टक्कर के स्कॉर्पियो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे गड्ढे में गिर गयी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद दो वर्दी वाले स्कॉर्पियो से उतरकर भाग रहे थे, जिन्हें भीड़ ने खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. दुर्घटनाग्रस्त काले रंग की स्कॉर्पियो (बीआर 11 एच 9224) कमर्शियल नंबर है, जिसकी मालिक कोई शांति देवी बतायी जा रही हैं.

दुर्घटना के बाद घायल पिंकू बीच सड़क पर करीब 15 मिनट तक दर्द से कराहता रहा, लेकिन लोग मदद के लिए नहीं आये. आते-जाते लोग उसे छटपटाते देखकर कन्नी काट लेते. धीरे-धीरे भीड़ भी जुटने लगी. इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस भी घायल की अनदेखी करती रही. घायल पिंकू को अस्पताल पहुंचाने की बजाय जलकुंभी में फंसी स्कॉर्पियो को देखने पुलिस चली गयी. पुलिस के पीछे-पीछे लोग भी उधर ही जाने लगे.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.