72 वर्षीय भूपेंद्र तिवारी दस कट्‌ठे में कर रहे केले की खेती, हो रही अच्छी आमदनी, पेशे से एक वैद्य भी हैं

उम्र की ढलान पर जब लोग अपने पोते-पोतियों के साथ खेलकर अपना समय व्यतीत करते हैं। उस उम्र में संग्रामपुर प्रखंड के एक जुझारू किसान केले की खेती से न सिर्फ अच्छी आमदनी कर रहे हैं। बल्कि युवाओं को स्वावलंबी बनने की प्रेरणा दे रहे हैं। प्रखंड के इजरा गांव निवासी 72 वर्षीय भूपेंद्र तिवारी जो कि पेशे से एक वैद्य भी हैं, ने अपने दस कट्ठा खेत में चार साल पूर्व केले की खेती की और आजतक उससे दो लाख रुपये की आमदनी कर चुके हैं। किसान के अनुसार पीढ़ी दर पीढ़ी से खेतिहर परिवार होने के कारण खेती में रुझान स्वभाविक है। लेकिन कई वर्षों तक परंपरागत खेती जैसे धान, गेहूं में लागत के अनुसार मुनाफा नहीं होने से उन्होंने केले की खेती शुरू की थी।

सौ पौधों से की शुरुआत

किसान भूपेंद्र ने कहा कि नर्सरी से पहले पहल केले का सौ पौधा लाकर लगाया जिसपर प्रति पौधा साठ रुपये की लागत खर्च आया।पहले वर्ष हर पौधों से दो दो तीन तीन केले के पौधे भी निकल गए। साथ ही साठ घौद केला भी फला जिससे चौबीस हजार रुपये की आमदनी हुई। उत्साह बढ़ा और जी जान से अपनी पूरी क्षमता को झोंक दिया। दूसरे वर्ष 250 घौद केला फला जिससे एक लाख रुपये की हुई आमदनी ने बूढ़े हो रहे शरीर में नई ऊर्जा भर दिया।

अलपान केला देता है अच्छा दाम | किसान ने अपनी बागवानी अलपान केला लगाया हुआ है।उनका कहना है कि अन्य केले के एक घौद का बाजार भाव जहां दो सौ से ढाई सौ रुपये मिलता है वहीं अलपान के घौद का भाव चार सौ रुपये या उससे अधिक मिल जाता है।साथ ही हमारी मिट्टी और जलवायु में इसका विकास भी अच्छा होता है।

सरकारी अनुदान केवल घोषणा है | किसान को आजतक इस खेती पर कोई सरकारी अनुदान नहीं मिला है।जबकि सरकार द्वारा अनुदान की व्यवस्था की गई है।पूछने पर उन्होंने कहा कि कई बार प्रयास किया था।लेकिन यह घोषणा भर तक ही सुनने में अच्छा लगता है।सरकारी अनुदान लेने में नौ डिबिया तेल खर्च हो जाता है तब भी मिलेगा की नही गारंटी नहीं है।

इजरा गांव में चार साल पहले शुरू की थी केले की खेती

अपने खेत में लगे केले की घौंद दिखाता किसान।

मौसम के हिसाब से देखभाल है जरूरी

केला प्रकृति आधारित खेती है। इसलिए सही समय पर इसे लगाने पर फलता भी सही समय पर है और अच्छा लाभ भी मिल जाता है।किसान ने बताया कि सावन और कार्तिक का महीना केला लगाने का सही समय होता है।जल्द लग भी जाता है और अधिक सिंचाई खुद से करना भी नहीं पड़ता है।गर्मी के दिनों में पन्द्रह दिन पर सिंचाई करना आवश्यक है।समय समय पर खेत की निकौनी और खाद का प्रयोग करना चाहिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.