पटना : चार माह से अधिक हो गए देश की उस महान विभूति को हमसे बिछुड़े हुए, जिन्हें पूरी दुनिया भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से जानती है। 25 दिसंबर को इसी महानायक की जयंती है। आज भी अपने प्रिय अटल बिहारी वाजपेयी के वो शब्द-शब्द बिहार को याद आ जाते हैं, जब वे भाषणों में कहा करते थे- आप बिहारी, मैं अटल बिहारी। अब भी बिहार की आंखें अपने प्रिय अटलजी की यादों में नम हैं। वाजपेयी की स्मृतियां संस्मरण बनकर दिलों में संजो गयी हैं।
अंतिम बार भागलपुर आए थे अटल जी : केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे कहते हैं, अटल बिहारी वाजपेयी बिहार में अंतिम बार भागलपुर मेरे चुनाव प्रचार में आए थे। उस यात्रा में अटल जी ने भागलपुर में स्थानीय दुकानदार शर्मा जी की कुल्फी और शंकर बाजोरिया जी के घर के पास की दुकान से कचरी मंगाकर खाया था। उस समय वे अस्वस्थ रहा करते थे, पर उनका स्नेह ही था कि सिर्फ मेरे लिए प्रचार करने भागलपुर आये थे। वाजपेयी जी को भागलपुर का रेशमी शॉल भी बहुत पसंद था।
सुशील मोदी की शादी में आए थे अटल : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की शादी में अटल बिहार वाजपेयी पटना आए थे। वे कहते हैं, पोस्ट कार्ड भेजकर निमंत्रण दिया था और वे आ गये। वह क्षण मेरे लिए भाव-विभोर करने वाला था।
नंदकिशोर यादव को दी थी नसीहत : पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव अब तक नहीं भूले हैं अटल जी के साथ पहली मुलाकात। कहते हैं, तब मैं पटना का डिप्टी मेयर हुआ करता था। भाजपा का जिलाध्यक्ष भी था। गांधी मैदान में अटल जी की सभा थी। उस वक्त मेरी उम्र 29 साल की थी। जिला भाजपा की ओर से थैली भेंट करने अटल जी के पास गया था। मुझे देखते ही पूछा था उन्होंने- तुम्हारी उम्र क्या है। फिर पूछा कि कितना इकट्ठा हुआ है। हमने जब बताया कि दो लाख 83 हजार, तब खुश होते हुए उन्होंने कहा था- परिश्रम करो और आगे बढ़ो। तब से मेरी जिंदगी की धार मुड़ गयी। आज मेहनत के बूते मैं यहां हूं।
संजीव चौरसिया के रिसेप्शन में आये थे अटल : सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद के पुत्र भाजपा विधायक संजीव चौरसिया के रिसेप्शन में अटल जी का आना हुआ था। उस दिन को याद कर चौरसिया आज भी आनंदित हो जाते हैं। कहते हैं- मैं सौभाग्यशाली हूं। अटल जी की सादगी ऐसी थी कि वे जब भी पटना आते परिवार में ही रुकना पसंद करते थे। बाबूजी के साथ ही आंगन में बैठकर भोजन करना और हम सबके साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार कभी भूला नहीं जा सकता। जिस दिन रिसेप्शन था उस दिन कैलाशपति मिश्र जी अपना पहली कविता संग्रह लेकर मेरे घर पर आये थे। जब कैलाश पति जी ने अटल जी को संकोच करते हुए पुस्तक भेंट की थी, तब अटल जी ने कहा था- आप भी कवि हो गये।
अशोक सिनेमा हाल में देखी थीं फिल्में : अशोक सिनेमा हॉल के मालिक बऊआ जी से अटल जी के पुराने संबंध थे। अटल जी जब काफी पहले पटना आते तो अशोक सिनेमा हॉल में फिल्में भी देखते। दिलीप कुमार उनके पसंदीदा अभिनेताओं में एक थे।