आसमान की आग से दक्षिण बिहार जल रहा है, लेकिन उत्तर बिहार में हल्की बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने पटना सहित राज्य के 9 जिलों में लू का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से दोपहर में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है, जबकि उत्तर बिहार में हल्की बारिश से तापमान में थोड़ी कमी का पूर्वानुमान जताया है। राज्य में शुष्क और गर्म हवा के प्रभाव से प्रचंड गर्मी पड़ रही है जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश भागों खासकर दक्षिणी भाग एवं उत्तर पश्चिम भागों में शुष्क और गर्म हवा का प्रवाह सतह से 1.5 किलो मीटर ऊपर तक बना हुआ है। केवल उत्तर पूर्वी भागों में पूर्वी एव दक्षिणी पूर्वी हवा का प्रवाह 0.9 किलो मीटर ऊपर तक है। गर्म हवा के कारण आग जैसी स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग ने इन मौसमी कारकों के प्रभाव से राज्य में 24 घंटे तक मौसम शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान राज्य के दक्षिणी भागों के बक्सर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नवादा और नालंदा समेत 9 जिले में लू चलने की संभावना है। इन जिलों के नागरिकों को लू से बचने के लिए अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को उत्तर पूर्व भागों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। दिन के तापमान में राज्य के दक्षिणी भागों में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन उत्तरी भागों के तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है।

जानिए, ठंड-गर्म का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण बिहार के 19 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में प्रचंड गर्मी पड़ेगी जबकि उत्तर बिहार के 19 जिलों पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में गर्मी से थोड़ी राहत हो सकती है। इनमें से कुछ जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

24 घंटे में शुष्क बना रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री गया में दर्ज किया गया, जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा और बांका में रिकॉर्ड किया गया है। राज्य के दक्षिण पश्चिम एवं दक्षिण मध्य भागों के अधिकांशों भागों पर लू की स्थिति बनी रही। जिन स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा है, उसमें नवादा 43.6 डिग्री सेल्सियस, नालंदा 42.8 डिग्री, जीरादेई 42.4 डिग्री, औरंगाबाद 42.9 डिग्री, भोजपुर 43.2 डिग्री, जमुई 43.2 डिग्री, पटना 42.4 डिग्री, गया 42.9 डिग्री, भागलपुर 41.2 डिग्री, छपरा 40.3 डिग्री, मोतिहारी 40.4 डिग्री, वैशाली 41.2 डिग्री और खगड़िया में 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया ।
