DARBHANGA : 12-13 साल पहले भटक कर चली गई थी पाकिस्तान, बन चुकी देश की बेटी

दरभंगा। पाकिस्तान से लौटी गीता देश की बेटी बन चुकी है। खुद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज गीता के साथ वीडियो संदेश जारी कर उसके माता-पिता को खोजने की गुहार कर रही हैं। खासकर बिहार-झारखंड के लोगों से मदद भी मांग रहीं हैं। इस बीच जिले के हायाघाट प्रखंड के हवासा गांव के एक परिवार ने गीता को अपनी बेटी बताया है।
यह बेहद गरीब परिवार है, जो मजदूरी कर किसी तरह गुजारा करता है। शीत मांझी की पत्नी शोभा देवी सहित परिवार के कई सदस्यों ने वाट्सएेप पर जब विदेश मंत्री का गीता के साथ वीडियो देखा तो यकीन हो गया कि वह उनकी ही बेटी है।
सुषमा स्वराज के साथ गीता के वायरल वीडियो और शोभा की बेटी गुड्डी के गायब होने में कई चीजें काफी समान हैं। गीता की तरह शोभा की बेटी भी मूक-बधिर है। शोभा की गायब बेटी और गीता के असली नाम गुड्डी हैं। गीता 12-13 साल पहले भटक कर पाकिस्तान चली गई थी। शोभा की बेटी भी इतने ही वर्षों से लापता है। वीडियो के अनुसार, गीता बिहार-झारखंड के ही किसी जिले की है। शोभा दरभंगा जिले की है। वीडियो में गीता का हुलिया भी गुड्डी से मिलता है।
यह है परिवार के दावे का आधार
शोभा देवी एक पुरानी तस्वीर दिखाती हैं। इसमें गुम हुई बच्ची दिख रही है। बताती हैं कि नैन-नक्श पाकिस्तान से लौटी गीता से काफी मिलते हैं।

बकौल, शोभा 10-12 साल पहले अपने पति और बच्चों के साथ गुरुग्राम के घोड़ाकला में रहती थी। वे खेतों में मजदूरी करते थे। इसी बीच गुड्डी कहीं गुम हो गई। खोजबीन के बाद भी नहीं मिली। थक हारकर घर चली आई। जब भी बेटी की याद आई तो आंसू बहाती रही। पति अब भी हरियाणा में किसी फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं।
गुमशुदा लड़की के अलावा शोभा और शीत मांझी के दो लड़के हैं। शोभा ने बताया जिस लड़की को पाकिस्तान में गीता नाम दिया गया, वह लिखकर अपना नाम गुड्डी ही बताती है। लापता बेटी कुछ भी बोलने में सक्षम नहीं थी। शोभा के दावे को जेठ कमलू मांझी और जेठानी रंजू देवी ने भी समर्थन किया है। उनका कहना है कि लड़की की आंखें और हुलिया गुम हुई बेटी से मिलती हैं।
हर जांच के लिए तैयार
शोभा देवी और उनके परिजनों ने गीता को सुपुर्द करने की गुहार लगाई है। इसके लिए डीएनए टेस्ट को भी तैयार हैं। हायाघाट विधायक अमरनाथ गामी भी परिवार के साथ खड़े दिखे।
अब तक 10-12 परिवारों ने किया है दावा
विदेश मंत्री की वीडियो अपील के बाद अब तक करीब 10-12 परिवार गीता को अपनी बेटी बताते हुए डीएनए टेस्ट करवा चुके हैं। लेकिन, कोई पता नहीं चला है। इस बारे में हायाघाट के विधायक अमरनाथ गामी ने कहा कि इस परिवार की बातें और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की गीता के परिवार को खोजने की अपील वाले वीडियो में कई चीजें एक समान हैं। इससे लगता है कि गीता उर्फ गुड्डी इसी परिवार की बेटी है। इसकी हरसंभव मदद की जाएगी। मैं यह जानकारी विदेश मंत्रालय तक पहुंचाउंगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading