एलएस कालेज परिसर में गुरुवार को आयोजित राज्यस्तरीय कबड्डी गोल्ड कप पर मेजबान मुजफ्फरपुर ने कब्जा बनाया। रोमांचक फाइनल मैच में मुजफ्फरपुर ने बेगूसराय को 41-40 से पराजित किया। मुजफ्फरपुर की टीम ने चार लोना के साथ कुल 41 अंक एवं बेगूसराय की टीम तीन लोना के साथ 40 अंक बनाए। मुजफ्फरपुर के गौरव कुमार एवं बेगूसराय के प्रशांत कुमार को बेस्ट रेडर का पुरस्कार दिया गया।

ईससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मैचों में बेगूसराय ने शिवहर को 45- 23 से तथा मुजफ्फरपुर ने खगडिय़ा को 42-36 से पराजित कर फाइनल में स्थान पाया था। प्रतियोगिता के उपरांत मुख्य अतिथि एलएस कालेज के प्राचार्य डा. ओपी राय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्राफी प्रदान की। मौके पर विशेष अतिथि के रूप में महाविद्यालय खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डा. सुरेंद्र राय, डा. टीके डे, कबड्डी संघ के सचिव राजकिशोर, जिला सचिव अवध नरेश सिंह, अध्यक्ष नवीन कुमार, कुमुद नारायण सिंह, डा. आर के सिन्हा, विराज ठाकुर, विजय प्रताप सिंह, रत्नेश कुमार राजन उपस्थित रहे। संचालन एलएस कालेज के शारीरिक शिक्षा निदेशक महेंद्र प्रसाद ने किया।
साईं क्रिकेट एकेडमी 110 रनों से विजयी
मुजफ्फरपुर : एलएस कालेज मैदान में खेली जा रही जिला क्रिकेट लीग में गुरुवार को साईं क्रिकेट एकेडमी ने एमडीसीए ब्लू को 110 रनों के अंतर से पराजित किया। साईं क्रिकेट एकेडमी ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवरों में सभी विकेट खोकर 249 रन का स्कोर खड़ा किया। नीरज गुप्ता ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 52 रन बनाए। वहीं केशव ने 40, दिव्यम ने 40, आदित्य ने 26, सनी ने 19 एवं टिंकू ने 21 रनों का योगदान दिया।

गेंदबाजी में एमडीसीए ब्लू की तरफ से शांतनु एवं विश्वास ने तीन-तीन तो मोनू ने दो एवं आदित्य ने एक विकेट लेने में सफलता हासिल की। जवाब में खेलने उतरी एमडीसीए ब्लू की पूरी टीम 23 ओवर में 139 रन बनाकर आउट हो गई। टीम के लिए अभिषेक ने 23, सद्दाम हुसैन ने 27 एवं वरुण ने 15 रन जोड़े। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक में नहीं आ सका।गेंदबाजी में साईं क्रिकेट एकेडमी के नीरज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए।
वही सोनू एवं सनी ने दो-दो विकेट हासिल किए। मैन आफ द मैच नीरज गुप्ता को दिया गया। अंपायर रवि कुमार एवं उदय कुमार तथा स्कोरर मुरारी रहे। शुक्रवार को प्रेरणा सपोटिंग क्लब एवं क्रिकेट एकेडमी जूनियर के बीच मैच खेली जाएगी।
Like this:
Like Loading...