मुजफ्फरपुर : संघ के प्रयास पर लीची बगानों का हुआ सर्वे, क्या हैं कंपनी का लक्ष्य?

मुजफ्फरपुर।अब सीधे बाग से बाजार तक लीची पहुंचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है। इसके अंतर्गत लीची उत्पादक संघ के प्रयास पर दिल्ली की फल कंपनी मुजफ्फरपुर के बागों का सर्वे की है। इस साल एक हजार क्विंटल की खरीदारी करने का लक्ष्य तय किया गया है। यदि गुणवत्ता वाली लीची मिलेगी तो इसकी मात्रा बढ़ सकती है। बिहार लीची उत्पादक संघ के अध्यक्ष बच्चा प्रसाद सिंह ने कहा कि इस बार बेहतर लीची फसल आने की उम्मीद है। अगर मौसम का साथ रहा तो इस बार 80 से 90 हजार टन उत्पादन की संभावना है।

दिल्ली की फ्रेश कोर प्रोविजंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रबंधन से बातचीत की गई है। कंपनी के कंसल्टेंट जेबी सिंह कांटी, बंदरा, मुशहरी में बागों को देखकर गए हैं। योजना के मुताबिक, लीची बाग से किसान सीधे फल तोड़कर प्री-कूलिंग सेंटर पर लाकर देंगे। यह सेंटर कांटी व बंदरा इलाके में होगा।

 

वहां से कोल्ड चेन वैन में लादकर लीची को बाजार में भेजा जाएगा। कांटी इलाके में एक कोल्ड स्टोरेज का भी चयन किया गया है। यहां पर स्टाक होगा। कंसल्टेंट ने बताया कि दो वर्ष पहले यहां पर आकर 40 टन लीची की खरीद की थी। कोरोना के कारण दो वर्ष नहीं आए।

 

इस बार बेहतर फसल की संभावना है। इसके आधार पर ही लीची की खरीद की जाएगी। राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केन्द्र के निदेशक डा. शेषधर पांडेय के अनुसार विश्व में करीब 45 लाख टन लीची का उत्पादन होता है। इसमें सर्वाधिक 95 प्रतिशत उत्पादन एशिया महादेश के देशों में होता है। चीन प्रति वर्ष लगभग 31 लाख टन लीची का उत्पादन करता है। दूसरे स्थान पर भारत है।

यहां प्रतिवर्ष 7.15 लाख टन लीची का उत्पादन होता है। 97 हजार हेक्टेयर भूमि में लीची की खेती होती है। बिहार में 32 हजार व मुजफ्फरपुर जिले में 12 हजार हेक्टेयर में लीची की खेती होती है। यहां एक लाख टन लीची का उत्पादन होता है। बेहतर बाजार मिले तो करीब डेढ़ लाख किसानों को फायदा मिलेगा।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.