महानगरों से उत्तर बिहार आने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें पांच से 12 घंटा लेट चल रही हैं। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को आने वाली 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस अपने समय से करीब 12 घंटे की देरी से चल रही है।

जबकि, 12524 न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट 5 घंटे, 19051 श्रमिक एक्सप्रेस करीब 4 घंटे, 15910 अवध असम एक्सप्रेस और 12566 बिहार संपर्क क्रांति करीब ढाई घंटे, 11123 ग्वालियर-बरौनी करीब करीब 1 घंटे की देरी से चल रही है। वहीं, रविवार को यात्रियों ने विभिन्न स्टेशनों पर हंगामा भी किया। सभी ट्रेनों को छोटे स्टेशनों पर रोका जा रहा था। रविवार को आने वाली गोंदिया बरौनी एक्सप्रेस 12.30 घंटे लेट जंक्शन पहुंची।

नाराज यात्रियों ने पानी व अन्य कमियों को लेकर हंगामा किया। दोपहर 12 बजे के बाद से फिर एक बार हाजीपुर रेलखंड पर ब्लॉक लिया गया था। इसमें घंटों तक परिचालन ठप रहा। संध्या पांच बजे फुट ओवर ब्रिज पर गार्डर चढ़ाने का कार्य संपन्न हुआ। इधर, मौर्य एक्सप्रेस के यात्रियों ने भी हंगामा किया। अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन के लेट होने को लेकर यात्रियों को परेशानी हुई है।

ब्लॉक को लेकर कुछ ट्रेनों को रोकी गई है। यात्रियों ने इसको लेकर नाराजगी जताई है। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 4 घंटे, गोरखपुर कोलकाता एक्सप्रेस 4 घंटे, अहमदाबाद दरभंगा एक्सप्रेस 5 घंटे, आनंद विहार सीतामढ़ी एक्सप्रेस 2 घंटे समेत अन्य ट्रेनें लेट रहीं।

