पटना। सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू होगी, जो मध्य जून तक चलेगी। पटना जोन में 544 केंद्रों पर सीबीएसई की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
12वीं की परीक्षा में पटना जोन में एक लाख पांच हजार परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। वहीं दसवीं की परीक्षा में दो लाख 50 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रश्न पत्र पहले ही स्कूलों को भेजे जा चुके हैं।

इस वर्ष हर कक्षा में 18 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं अध्यापकों का कहना है कि परीक्षार्थी सभी विषयों का समान रूप से अध्ययन करें। रिजल्ट सभी विषयों के मिलाकर होगा।
किसी विषय पर कम ध्यान देने से परिणाम प्रभावित हो सकता है। सबसे पहले प्रश्न पत्रों को गंभीरता से अध्ययन करें। उसके बाद उत्तर लिखना शुरू करें। आसान सवालों को निर्धारित शब्दों में ही लिखें।
ज्यादा लिखने से अधिक अंक नहीं मिलते हैं। इसके अलावा परीक्षा में कोरोना गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य है। मास्क लगाकर ही परीक्षा केंद्रों पर जाएं। परीक्षा के लिए निर्धारित समय से दस मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।
