मुंगेर : धरहरा प्रखंड के पहाड़पुर बड़ी गोविंदपुर के युवक की प्रेम प्रसंग में बांका में हत्या हो गई। हत्या की सूचना से परिजन आक्रोशित होकर धरहरा जमालपुर मुख्य मार्ग पहाड़पुर के पास सड़क को जाम कर थाना अध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे हैं।

परिजनों की मानें तो युवक की शादी शनिवार को होनी थी, लेकिन शुक्रवार को ही 18 वर्षीय संजीव कुमार बांका किसी से मिलने गया। हालांकि दबी जुबान में ग्रामीणों का कहना है कि बांका की रहने वाली दो बच्चों की मां जो मृतक की रिश्तेदार थी उससे युवक को प्रेम था।

स्थानीय लोगो ने बताया कि संजीव की शादी शनिवार को थी। वह अपनी प्रेमिका से अंतिम बार मिलने गया था। शनिवार को संजीव घर नहीं पहुंचा। रविवार को देर शाम सूचना मिली कि रजौन के सुनसान इलाके में एक क्षत-विक्षत लाश युवक की मिली है। फोटो भेजा गया तो परिजनों ने कपड़े से पहचान की कि यह संजीव का ही शव है।

शनिवार को थी शादी, शुक्रवार को हुआ था गायब, रविवार को मिली लाश
धरहरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर बड़ी गोविंदपुर के रहने वाले नरेश यादव का सबसे छोटा बेटा संजीव कुमार की शादी बगल के ही गांव माताडीह में तय हुई थी। हिंदू रीति रिवाज से सभी मांगलिक कार्यक्रम पूर्ण कर लिए गए थे।

घर में वैवाहिक मांगलिक गीत भी बज रहे थे। शनिवार को बेटे की बारात जानी थी। घर में सभी तैयारी पूरी थी, लेकिन शुक्रवार को अचानक संजीव घर में यह कहते हुए निकला कि मैं कुछ देर में आता हूं। शुक्रवार की पूरी रात बीत गई वह नहीं आया।

इस संबंध में धरहरा थाना अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि बांका में एक युवक की लाश मिलने की बात आई। रात 11:00 बजे सभी परिजनों को लेकर सदर अस्पताल बांका पहुंचे। परिजनों ने लाश की शिनाख्त संजीव के रूप में की है। हत्या के पीछे कारणों का पता लगाया जा रहा है।