पटना : पटना साहिब के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद राजधानी के ज्ञान भवन में चल रही बी टू बी ज्वेलरी प्रदर्शनी के दूसरे दिन के कारोबारी सत्र का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में घुमने की भी इच्छा जताई।
आयोजक के साथ जब वे प्रदर्शनी में एक स्टाल पर पहुंचे और वहां आभूषणों को प्रदर्शित कर रहीं माडलों से मिले तो पहले चौंके। इसके बाद उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए स्टाल के अंदर पहुंच गए।
उनके साथ पाटलिपुत्र के सांसद रामकृपाल यादव व बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी थे। दरअसल, प्रदर्शनी में आरएस गोल्ड के स्टाल पर जब पूर्व केंद्रीय मंत्री आभूषणों को प्रदर्शित कर रहीं माडलों से बातचीत कर रहे थे। रविशंकर ने माडलों से पूछा कि आप कहां से हैं? जवाब मिला कि हम सभी आपके संसदीय क्षेत्र पटना से ही हैं। माडलिंग के क्षेत्र में भी पटना इतना आगे बढ़ चुका है? यह जानकार पूर्व केंद्रीय मंत्री गौरव से फूले नहीं समाए।
वे माडलों को प्रोत्साहित करने के लिए स्टाल के अंदर पहुंच गए। उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उन्होंने कहा कि पटना की लड़कियां माडलिंग के क्षेत्र में आगे आ रही हैं। यह गौरव की बात है। मैं सभी को उनके सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं देता हूं।

गोपाल सोनी और कपिल सोनी ने कहा कि माडल मिस अश्विनी सिंह, मिस जोया फरीन, मिे श्रुति चौबे पांच साल से आरएस गोल्ड कंपनी के लिए माडलिंग कर रही हैं। यह कंपनी दिल्ली की है, और बिहार में इसका पांचवां शो है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व पाटलिपुत्र के सांसद रामकृपाल यादव व बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी सभी माडलों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पटना सभी क्षेत्रों में तरक्की कर रहा है। खास तौर से लड़कियां बहुमुखी प्रतिभा के साथ जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। यह सभी के लिए गौरव की बात है। इस मौके पर प्रदर्शनी के आयोजक योगेश मुद्रास भी मौजूद थे।
