मुजफ्फरपुर : नालों पर अतिक्रमण से जलजमाव की समस्या, स्थायी समाधान नहीं

मुजफ्फरपुर। घरों से निकलने वाला गंदा पानी हो या बारिश का पानी, फरदो नाला होकर ही शहर से बाहर निकलता है। नाला जाम होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता। इससे शहर के आधे से अधिक भाग में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। शहर के दो दर्जन वार्डों से होकर गुजरने वाले फरदो नाला के दोनों तरफ तीन हजार से अधिक मकान हैं।

इन मकानों से निकलने वाले कचरे एवं मलबे को नाले में डाल दिया जाता है, जिससे नाला जाम हो जाता है। नाले की सफाई के लिए दोनों तरफ तीन से पांच फीट जगह छोड़ी गई थी ताकि सफाईकर्मी नियमित सफाई कर सकें, लेकिन इस जगह पर भी मकान मालिकों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे फरदो नाला की नियमित सफाई नहीं हो पाती। नतीजतन शहरवासी जलजमाव की समस्या को झेलते है।

 

निर्माण के बाद पहली बार नाले की पूर्ण उड़ाही हो रही है। निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने इस बात का राजफाश किया। नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई के दौरान नाले से भवन निर्माण के दौरान डाला गया मलबा भारी मात्रा में निकल रहा है। जिन इलाकों में नाले की सफाई कर ली गई है, वहां फिर से लोग अपने घर का कचरा सीधे नाले में फेंक रहे हैं। यदि उन्हें नहीं रोका गया तो नाले का बहाव फिर से बाधित हो जाएगा।

तीन हजार लोगों की लापरवाही का खामियाजा पूरे शहरवासियों को भुगतना पड़ेगा। जो लोग नाले में कचरा डाल रह हैं, उनको भी जलजमाव का सामना करना पड़ेगा। नाले पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर नोटिस भेजा जा रहा है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नाले के किनारे बने मकान के मालिक अगर नाले में कूड़ा और मलबा न डालें तो शहर के बड़े हिस्से में जलजमाव नहीं होगा। उनकी लापरवाही से शहरवासियों को परेशानी होती है। वे सहयोग करे तो जलजमाव की परेशानी से निजात मिल सकता है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.