
MOTIHARI : बापूधाम मोतिहारी रेल थाना की पुलिस ने सोमवार की रात मजदूरी कराने के लिए ले जाए जा रहे पांच बाल मजदूरों को मुक्त करा कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष केदार प्रसाद कर रहे थे। टीम में एएसआइ अमरेंद्र कुमार, जवान विजय कुमार राउत, सरोज कुमार आदि शमिल थे। पकड़े गए लोगों में शिकारगंज थाना क्षेत्र के पेरई निवासी बिगु कुमार राय, लखौरा थाना के मठिया भोपत फुलवार निवासी देवीलाल यादव एवं आदापुर थाना के मूर्तियां गांव निवासी श्यामबाबू पासवान शामिल हैं। रेल पुलिस ने मुक्त कराए गए बच्चों का चाइल्ड लाइन को सौंप दिया है।

बताया गया है कि पकड़े गए लोग बच्चों को जननायक एक्सप्रेस से अमृतसर मजदूरी कराने के लिए ले जाने वाले थे। इसी बीच रेल पुलिस ने छापेमारी कर बच्चों को मुक्त कराकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में रेल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
