बालीवुड अभिनेता अजय देवगन और कन्नड़ अभिनेता किच्छा सुदीप के बीच हिंदी भाषा के इस्तेमाल को लेकर छिड़ा विवाद अब बढ़ता जा रहा है। इस विवाद में अब कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी भी कूद पड़े हैं। उन्होंने ट्विटर पर छिड़े इस विवाद को लेकर बालीवुड अभिनेता अजय देवगन पर कटाक्ष करते हुए कहा, अजय न केवल स्वभाव से हाइपर हैं, बल्कि अपने अजीब व्यवहार को भी दिखा रहे हैं।

एचडी कुमारस्वामी ने ट्विटर पर लिखा, “अभिनेता किच्छा सुदीप का कहना है कि हिंदी एक राष्ट्रभाषा नहीं है, एकदम सही है। उनके बयान में गलती खोजने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने इसी के साथ आगे कहा कि अभिनेता अजय देवगन न केवल स्वभाव से हाइपर हैं, बल्कि अपने ऊटपटांग व्यवहार को भी दिखा रहे हैं। भाषा की राजनीति करने के लिए केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि देवगन भाजपा के हिंदी राष्ट्रवाद के एजेंडे के मुखपत्र के रूप में बड़बड़ा रहे हैं।

एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि शुरू से ही केंद्र में हिंदी आधारित राजनीतिक दल क्षेत्रीय भाषाओं को नष्ट करने के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिसने क्षेत्रीय भाषाओं को नष्ट करने की शुरुआत की, अब उसे भाजपा जारी रख रही है। कुमारस्वामी ने आगे कहा कि अगर एक बड़ी आबादी हिंदी बोलती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि यह राष्ट्रभाषा बन जाती है।

उन्होंने आगे ट्वीट किया, “देवगन को यह महसूस करना चाहिए कि कन्नड़ सिनेमा हिंदी फिल्म उद्योग से आगे निकल रहा है। कन्नड़ सिनेमा के प्रोत्साहन के कारण हिंदी सिनेमा विकसित हुआ है। देवगन को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी पहली फिल्म ‘फूल और कांटे’ बेंगलुरु में एक साल तक चली।” इससे पहले कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी देवगन को इस मामले पर घेरा था। उन्होंने कहा था कि “हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा कभी नहीं थी और कभी नहीं होगी। हमारे देश की भाषाई विविधता का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। प्रत्येक भाषा का अपना समृद्ध इतिहास है, जिस पर लोगों को गर्व होना चाहिए।

बता दें कि शुक्रवार को दक्षिण स्टार किच्छा सुदीपा ने हिंदी को भारत की राष्ट्रीय भाषा न होने की बात कही थी। जिसके बाद बालीवुड अभिनेता अजय देवगन के साथ उनका ट्विटर पर वाकयुद्ध हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक इवेंट के दौरान सुदीपा ने कहा कि “हिंदी अब राष्ट्रभाषा नहीं रही।” इसके बाद, देवगन ने अपने ट्विटर हैंडल पर सुदीपा की टिप्पणी पर अपने विचार व्यक्त किए थे। उन्होंने कहा कि, “किच्चा सुदीप, मेरे भाई, आपके अनुसार, अगर हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा नहीं है तो आप अपनी फिल्मों को हिंदी में डब करके क्यों रिलीज करते हैं? है और हमेशा रहेगी।