मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय का भाभा स्नातकोत्तर पुरुष छात्रावास (पीजी-एक) देखरेख के अभाव में खस्ताहाल हो गया है। वर्षो से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही और बिजली के उलझे तार हादसे को आमंत्रण दे रहे हैं।
यहां रहने वाले छात्र डर के साये में रात बिता रहे हैं। बताया जाता है कि कई वर्षो से भवन की मरम्मत नहीं की गई। ऐसे में पता नहीं कब किधर छत गिर जाए। कई छात्र तो इसी भय में छात्रावास छोड़कर निकल गए।
कॉमन रुम की छत से पानी का रिसाव होने के कारण जगह-जगह प्लास्टर टूटकर गिरा हुआ है। आसपास साफ-सफाई नहीं होने के कारण बड़े-बड़े जंगली पौधे भवन को छू रहे हैं।
इसके सहारे छात्रों के कमरे में सांप-बिच्छू प्रवेश कर जाते हैं। इससे छात्र सहमे रहते हैं। पीजी-एक छात्रावास में कुल 86 कमरे हैं। विवि के रिकार्ड के अनुसार वर्तमान में यहां 40 छात्र रह रहे हैं। 15 से 20 कमरे जर्जर होने के कारण खाली हैं।
बता दें कि कई कमरों में अ’वैध तरीके से छात्रों के रहने की सूचना पर पुलिस छात्रावासों में छा’पेमारी भी करती रहती है। विवि के अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि छात्रावासों की मरम्मत के लिए पदाधिकारियों की बैठक में विचार किया गया था। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की ओर से इस मद में राशि दी जानी है। इसी राशि से छात्रावासों की मरम्मत, पेयजल व बिजली की समस्याओं का निदान किया जाएगा।
