भोजपुर । युवक की मौत के बाद पुलिस ने पंचनामा भर उसका पोस्टमाॅर्टम कराया। घर में कोहराम मच गया। इसी बीच वह घर लौट आया। घबराइए नहीं, मामला किसी भूत का नहीं, बिलकुल असली है। बिहार के भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के पचरूखिया गांव की इस घटना की पूरे इलाके में चर्चा है।
दरअसल, पुलिस ने मृतक का जो पंचनामा बनाया, उसमें मृतक के बदले दूसरे युवक का नाम लिख दिया। पुलिस को गलती का पता तब चला, जब परिजनों ने शव की शिनाख्त पंचनामा में दिए नाम से इतर दूसरे युवक के रूप में की। लेकिन पुलिस की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में जीवित युवक का ही नाम रह गया। अब पुलिस सदर अस्पताल प्रबंधन को संशोधन पत्र भेजकर नाम सुधारने की कवायद कर रही है। विभाग इसे भोजपुर पुलिस की गंभीर चूक मान रहा है।
ट्रक के धक्के से हो गई मौत
पटना जिले के शाहपुर थानान्तर्गत दाउदपुर गांव निवासी राजन राय का पुत्र रंजीत कुमार मौसेरी बहन लक्ष्मी के पास भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के पचरूखिया गांव में रहकर राजमिस्त्री का काम करता है। मंगलवार को उसका साथी अखिलेश महतो नाना रामायण महतो के यहां भोजपुर जिले के कोईलवर थाना के जमालपुर गांव आया था। वह दोस्त रंजीत के पास मिलने गया। वह रंजीत का मोबाइल लेकर वापस घर जा रहा था कि इसी दौरान आरा-छपरा फोरलेन पर ट्रक की ठोकर से उसकी मौत हो गई।

मोबाइल फोन ने कराई चूक
पुलिस ने मोबाइल के आधार पर उसे रंजीत समझकर न सिर्फ घरवालों को सूचना दे दी, बल्कि पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम भी करा दिया। जबकि, हादसे में जान गंवाने वाला युवक पटना का पुत्र अखिलेश महतो था।
..और जिंदा घर पहुंचा युवक
घटना की सूचना पाकर रंजीत के घर में मातम फैल गया। सबों का रो-रोकर बुरा हाल था। इसी बीच रंजीत घर पहुंच गया। उसे देख पहले तो परिजनों को विश्वास नहीं हुआ। कुछ लोगों ने उसे मृतात्मा भी समझ लिया। लेकिन जब हकीकत समझ में आई तो मातमी माहौल खुशी में तब्दील हो गया।
पुलिस ने मानी गलती
घटना की बाबत कोईलवर थानाध्यक्ष पंकज सैनी बताया कि मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट पर गलत नाम दर्ज हो गया था। बाद में सही पहचान होने पर सदर अस्पताल प्रबंधन को शुद्धि पत्र भेज नाम में संशोघन कराया जाएगा