जलजमाव से पूरी तरह सुरक्षित होगा एयरपोर्ट : संजय झा

दरभंगा। जल संसाधन सह सूचना व जनसंपर्क विभाग मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट परिसर में बरसात में जलजमाव की स्थिति बन जाती थी। आशंका रहती थी कि पानी कहीं रनवे पर न पहुंच जाए। ऐसा होने पर विमान परिचालन बाधित हो जाता।

इस कारण बाढ़ व जलजमाव से सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए एयरपोर्ट समेत पूरे एयरफोर्स परिसर के चारों ओर जल संसाधन विभाग के रिंग बांध पर पक्की सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। परिसर में जलजमाव की स्थिति में उसकी निकासी के लिए विभाग द्वारा एंटी फ्लड स्लूस गेट का भी निर्माण हो रहा है।

इसी मानसून सीजन से योजना का लाभ मिलने लगेगा। रिंग बांध पर पक्की सड़क के निर्माण से एयरफोर्स परिसर की पेट्रोलिंग में मदद मिलेगी। इससे सुरक्षा और बेहतर होगी। कार्यस्थल का निरीक्षण किया मंत्री दरभंगा एयरपोर्ट के पास बने प्रतीक्षालय के उद्घाटन और रिंग बांध के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से योजना के प्रारूप की विस्तृत जानकारी ली।

 

 

एयरफोर्स परिसर के चारों तरफ घुम कर कार्यस्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए। कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट उड़ान स्कीम के तहत देश का सबसे सफलतम एयरपोर्ट है। यहां यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ गई है।

 

प्रयास है कि एविएशन के क्षेत्र में रोजगार के लिए यहां भी महानगरों की तरह प्रशिक्षण संस्थान खुलें। सरकार नए रनवे व सिविल एन्क्लेव के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए काम कर रही है। इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। मिथिला के प्रति सीएम नीतीश कुमार के विशेष लगाव के कारण दरभंगा में एयरपोर्ट और एम्स मिला है। इससे अगले कुछ वर्षो में दरभंगा का तेजी से विकास होगा। आर्थिक गतिविधियां बढ़ने से रोजगार के अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.