पटना। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए राज्य के फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) को पहले से और ज्यादा सुदृढ़ एवं उन्नत बनाया जा रहा है, ताकि यहां प्रसूता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ -साथ मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी भी आएगी।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि राज्य में कुल 217 एफआरयू अधिसूचित हैं। यह जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल हास्पिटल एवं कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर में कार्यरत है।
बिहार के 69 नये अधिसूचित एफआरयू को सुदृढ़ करने के लिए संबंधित कर्मियों को पूर्व में प्रशिक्षित किया जा चुका है। शेष बचे एफआरयू के सुदृढ़ीकरण के लिए संबंधित संस्थानों के उपाधीक्षक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, अस्पताल प्रबंधक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं डेवलपमेंट पार्टनर के एक प्रतिनिधि का उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक पटना में होगी।
पांच बैचों में शेष बचे एफआरयू के कर्मियों के लिए 4, 5, 6,9 एवं 11 मई 2022 को उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक होगी।
पांच प्रमंडलों के अंतर्गत आने वाले जिलों में सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, गोपालगंज, सारण, सिवान, जहानाबाद, भागलपर, भोजपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर, शिवहर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत कई अन्य जिलों के कर्मियों को प्रशिक्षित कर एफआरयू के संचालन को सुदृढ़ किया जाएगा।
