बिजनौर। दिल्ली से नजीबाबाद आ रही मसूरी एक्सप्रेस रेलकर्मियों की सजगता से हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। झालू और बिजनौर रेलवे स्टेशन के बीच फाटक नंबर 55 पर बिजली की लाइन टूट कर लटकी होने की समय रहते सूचना मिलने पर मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन को हल्दौर रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया।
ढाई घंटे स्टेशन पर रुकी रही
गुरुवार तड़के 5:35 पर हल्दौर रेलवे स्टेशन पर पहुंची मसूरी एक्सप्रेस को 7:55 तक रोककर रखा गया। नजीबाबाद गजरौला रेलवे ब्रांच लाइन पर विद्युत लाइन बनाने का काम चल रहा है। नवनिर्मित विद्युत लाइन के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ कर तार चोरी करने की घटना अथवा ट्रेन गिराने की साजिश की आशंका के चलते रेलवे अधिकारियों और रेलवे पुलिस में हड़कंप मचा रहा।

ट्रैक साफ कराया
चांदपुर स्टेशन अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन को एहतियातन हलदौर रेलवे स्टेशन पर रोका गया है। वहीं, हल्दौर स्टेशन मास्टर ने बताया कि रेल ट्रैक पर लटक रहे विद्युत तारों को हटाकर ट्रैक साफ करने के बाद ट्रेन को 7:55 पर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, नजीबाबाद से टीआरडी सेक्शन के अधिकारी सूचना मिलते ही मौके के लिए रवाना हो गए।