PATNA : आज लालू लगाएंगे सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर मुहर, महागठबंधन की सियासी डील

पटना। रांची के रिम्‍स (अस्‍पताल) में आज बिहार के विपक्षी महागठबंधन की सियासी डील फाइनल हो सकती है। चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव वहां इलाज के सिलसिले में भर्ती हैं। लालू से शनिवार को उनसे उनके बेटे तेजस्‍वी यादव के साथ राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) सु्प्रीमो उपेंद्र कुशवाहा मिलने वाले हैं। निषाद संघ के नेता मुकेश सहनी भी रांची गए हैं। बताया जाता है कि लोकतांत्रिक जनता दल सुप्रीमो शरद यादव भी रांची में ही हैं।

माना जा रहा है विपक्षी नेताओं की लालू से इस मुलाकात में महागठबंधन की सियासत को ले बड़ा फैसला लिया जाएगा। हालांकि, लालू से मिलने वाले नेता किसी सियासी बातचीत से इनकार कर रहे हैं। लालू के बेटे व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव कहते हैं कि वे बीमार पिता से मिलने व उनका हालचाल जानने आए हैं। रालोसपा सुप्रीामो उपेंद्र कुशवाहा भी कहते हैं कि वे लोग लालू प्रसाद के स्‍वास्‍थ्‍य को लेका चिंतित हैं तथा इसकी जानकारी लेने आए हैं।


महागठबंधन में बढ़ा सीट शेयरिंग का दबाव

माना जा रहा है कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय होने के बाद महागठबंधन में भी इसके लिए दबाव बढ़ गया है। लालू प्रसाद यादव ने ‘खरमास’ बाद सीट शेयरिंग फाइनल करने की बात कह ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपनाई है, लेकिन दबाव की राजनीति शुरू हो गई है। बीते दिनों हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा (हम) के सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने राजग को ‘नागनाथ’ तो महागठबंधन को ‘सांपनाथ’ की संज्ञा देकर असंतोष जाहिर कर दिया है। ऐसे में कोई फैसला जरूरी लग रहा है।
लालू लेंगे बड़ा फैसला

माना जा रहा है कि महागठबंधन में राजद व कांग्रेस अधिकांश सीटों पर लड़ेंगे। इधर, रालोसपा को चार-पांच तो ‘हम’ को तीन सीटें चाहिए। निषाद संघ के नेता मुकेश सहनी को भी एडजस्‍ट करना है। शरद यादव की पार्टी भी है। ​महागठबंधन में बिग बॉस की भूमिका निभा रहे लालू इसपर बड़ा फैसला लेंगे।
अनंत सिंह का मुद्दा भी हो सकता फाइनल

महागठबंधन में निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को शामिल करने को लेकर भी मदभेद दिख रहा है। खुद लालू के दोनों बेटे इसपर अलग राय रखते हैं। लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने कहा है कि अनंत सिंह अगर राजद या महागठबंधन में आना चाहें तो उनका स्‍वागत है। दूसरी ओर लालू के छोटे बेटे तेजस्‍वी ने अनंत सिंह को ‘बैड एलिमेंट’ बताते हुए उनकी नो एंट्री की बात कह डाली। महागठबंधन में शामिल रालोसपा के नागमणि ने कहा कि अनंत सिंह को महागठबंधन में जगह दी जानी चाहिए। आज रांची में लालू इस मुद्दे पर भी फैसला ले सकते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading