जंक्शन के सामने से हटेगी जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा, हो गई पूरी तैयारी

पटना। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल का पटना में ठिकाना बदलने की तैयारी है। करीब 36 वर्षों से पटना जंक्शन के निकट गोलंबर पर स्थापित नेहरू की प्रतिमा यहां ओवरब्रिज बनने और ऑटो के साथ दुकानदारों के अतिक्रमण की शिकार हो गई है। इसकी सुंदरता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। जयंती और पुण्यतिथि के आयोजन भी यहां ठीक से नहीं हो सकते हैं। भविष्य में यहां से मेट्रो रेल को भी गुजरना है। लिहाजा तमाम तथ्यों का आकलन करने के बाद इस प्रतिमा को यहां से हटाकर नए स्थान पर स्थापित करने की योजना बनी है।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति ने तथ्यों के आकलन के बाद पंडित नेहरू की प्रतिमा को स्टेशन गोलंबर से हटाकर किसी नए स्थान पर स्थापित करने के निर्देश दिए थे। आदेश के बाद भवन निर्माण विभाग ने नए ठिकाने की तलाश प्रारंभ की।

नया ठिकाना खोज लिया गया है। भवन निर्माण से मिली जानकारी के अनुसार, पंडित नेहरू की प्रतिमा जून-जुलाई के बीच स्टेशन से उठाकर बेली रोड में विश्वेश्वरैया भवन और पुनाईचक मोड के बीच स्थापित की जाएगी।

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि बेली रोड में नेहरू की प्रतिमा की स्थापना के क्रम में चयनित स्थान की सुंदरता कायम करने के लिए कई काम किए जाएंगे।विभाग इसकी कार्ययोजना बना रहा है।

बेली रोड में प्रतिमा की स्थापना का एक मकसद यह भी है कि बेली रोड का आधिकारिक नाम जवाहर लाल नेहरू पथ है। यहां नेहरू की प्रतिमा स्थापित होने से पथ के नाम की सार्थकता भी स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.