पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि स्कूली शिक्षा में डिजिटल टेक्नोलाजी को प्राथमिकता के आधार पर बढ़ावा मिलेगा। आवश्यकतानुसार शिक्षकों को शिक्षा में डिजिटल टेक्नोलाजी के इस्तेमाल के संबंध में प्रशिक्षण भी किया जाएगा।
श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में राजकीय माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत नौवीं से लेकर 12वीं कक्षा तक के 45 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए फिलो पोर्टल का शुभारंभ करते हुए उन्होंने यह बात कही।
इस मौके पर विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल टेक्नोलाजी का इस्तेमाल बढऩे जा रहा है। इसी साल से सभी 9,360 माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में इंटरनेट और वाई-फाई की निशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी।
शिक्षा मंत्री ने प्रेक्षागृह में मौजूद शिक्षकों, छात्र-छात्राओं को फिलो शब्द का अर्थ समझाते हुए कहा कि फिलो एक ग्रीक शब्द है। इसका अर्थ है-फ्रेंड यानी दोस्त। सरकार ने सभी छात्र-छात्राओं को फिलो डिजिटल प्लेटफार्म निशुल्क उपलब्ध कराया है। एप पर सवाल पूछते ही 60 सेकेंड के अंदर छात्रों से ट्यूटर जुड़ेंगे और सवाल को हल करने के तरीके बताएंगे।

