वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवत गांव के एक स्कूल परिसर उस समय रण क्षेत्र में तब्दील हो गया, जब स्कूल के ही एक शिक्षक द्वारा एक छात्रा के साथ छेड़खानी करने का मामला सामने आया। शिक्षक की ओर से छात्रा की छेड़खानी की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

पुलिस पर पथराव
ग्रामीणों ने शिक्षक को स्कूल से पकड़ कर लिया और जमकर पिटाई कर दी। यहां तक की महिलाओं ने भी आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शिक्षक को हिरासत में लेकर जा रही थी। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी समेत कई लोगों को चोट आई है।

परिजनों ने थाने में नहीं की है लिखित शिकायत
वहीं, पथराव में पुलिस की गाड़ी का शीशा भी चकनाचूर हो गया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर हेमती गांव निवासी इबरार अली जो खिलवत गांव के उच्च माध्यमिक विद्यालय खिलवत में शिक्षक के पद पर है। वहीं, स्कूल की ही एक सातवीं क्लास की छात्रा के साथ छेड़खानी का आरोप है। पुलिस ने बताया कि अभी तक पीड़ित छात्रा के परिजन की ओर से लिखित शिकायत नहीं की गई है। फिलहाल, घटना की जांच की जा रही है।

