पटना में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का एक स्टाफ और पटना नगर निगम के ठेकेदार को गि’रफ्तार किया गया है। ये दोनों पुलिस के हाथ तब लगे, जब ये श’राब के न’शे में थे। कहीं से पार्टी कर सोमवार की देर रात अपने घर लौट रहे थे। दोनों अलग-अलग बाइक से चल रहे थे। पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने 90 फीट इलाके की तरफ से आते हुए इन्हें कपड़े के एक शो रूम के पास पकड़ा।

थानेदार मनोरंजन भारती के अनुसार बैंक कर्मी का नाम मुकेश कुमार है। इसकी पोस्टिंग समस्तीपुर जिले में SBI ब्रांच में है। जबकि, पटना में इंदिरा नगर रोड नंबर 5 में इसका घर है। इसके साथ पकड़े गए ठेकेदार का नाम गणेश राय है। ये समस्तीपुर का मूल निवासी है। मगर, पटना में रहकर नगर निगम की ठेकेदारी करता है। ये दोनों किसी जगह से शराब पार्टी करके लौट रहे थे।

इन दोनों के अलावा शराब पार्टी कर अलग जगह से लौट रहे 24 साल के अविनाश कुमार, 30 साल के अजय कुमार, 26 साल के सनोज शर्मा, 32 साल के अवनीश कुमार और 35 साल के सुरेश साव को गिरफ्तार किया गया है।

इनमें 4 स्टूडेंट्स हैं। पकड़े जाने के बाद सभी का ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट किया गया। इसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
