बरसात पूर्व हुई वर्ष से शहर में उत्पन्न हुए हालात ने शहरवासियों को डरा दिया है। वहीं जलजमाव से निजात को चल रही नगर निगम की तैयारियों की पोल भी खुल गई है। रविवार देर रात्रि से लेकर सोमवार सुबह तक हुई भारी बारिश से शहर के अधिकतर भाग जलजमाव का शिकार हो गया। मोतीझील एवं कल्याणी समेत शहर के कई इलाके बारिश के पानी में डूब गए। इससे लोगों को भारी परेशानी हुई।


कल्याणी चौक व मोतीझील के अलावा स्टेशन रोड, केदारनाथ रोड, आम गोला रोड, बेला रोड, रामबाग रोड, कृष्णा सिनेमा हाल के सामने वाली सड़क, तिलक मैदान रोड, आमगोला रोड, चंद्रलोक चौक समेत कई इलाकों में जलजमाव से सड़क व नाला एक हो गए। क्लब रोड एवं मिठनपुरा में आधा दर्जन से अधिक गलियों में भी जलजमाव हो गया। इसके अलावा शहर के कई गली-मुहल्लों में बारिश को पानी जमा हो गया। कालीबारी रोड के साथ-साथ श्री कृष्ण श्याम पथ एवं बाला जी हनुमान मंदिर रोड में भी भारी जलजमाव हो गया।

बरसात पूर्व नाला उड़ाही का काम पूरा होने की उम्मीद
सुखद पहलू यह रहा कि मोतीझील और कुछ इलाकों को छोड़ दे तो अधिकतर इलाकों से देर शाम तक बारिश को पानी निकल गया। बारिश से उत्पन्न हालात से निपटने के लिए नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय एवं महापौर ई. राकेश कुमार सक्रिय नजर आए। एक ओर जहां नगर आयुक्त ने जलजमाव से निपटने के लिए निगम की पूरी टीम को लगा दिया। वहीं महापौर ने शहर के आधा दर्जन इलाकों का भ्रमण कर हालात से अवगत हुए और समस्या से निजात दिलाने को निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि विवाद के कारण फरदो नाला की उड़ाही कार्य में विलंब हुआ। अभी रात-दिन काम चल रहा है। उम्मीद है कि बरसात पूर्व उड़ाही का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद मोतीझील में भी अधिक देर तक जलजमाव नहीं होगा। इसके अलावा जहां भी कमी दिखी उसे दूर किया जा रहा है।

नगर निगम की तैयारी के दावे की खुली पोल
वहीं महापौर ने कहा कि शहर के अधिकांश नालियों की उड़ाही कर ली गई है। आउटलेट की ठीक से सफाई नहीं होने के कारण पानी को तेजी से निकासी नहीं हो पा रहा है। निगम अधिकारी इस पर ध्यान दें। वहीं मोतीझील निवासी राजीव कुमार, कल्याणी निवासी राजू केशरी, आमगोला रोड निवासी दीपक कुमार का कहना है कि जल जमाव से निजात को नगर निगम तैयारी का दावा कर रहा है लेकिन उसकी तैयारी की पोल खुल गई है। सारे नालों की उड़ाही के दावों के बीच शहर में हुए जल जमाव से आगे क्या होगा शहरवासियों को पता चल गया है।