ARARIA : मवेशी चोरी कर भाग रहे अपराधी को पीटकर मार डाला

सिकटी (अररिया) . सिकटी, पलासी, जोकीहाट व किशनगंज जिले के टेढागाछ थाना के दर्जनों आपराधिक मामले के आरोपी को शनिवार रात सिकटी थाना क्षेत्र के सीमरवनी गांव में मवेशी चोरी कर भाग रहे मो. काबुल को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला।

घटना की सूचना पर सिकटी पुलिस ने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया। सिकटी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि रात को रानीकट्टा गांव निवासी मो. काबुल व अन्य साथियों के साथ सिकटी थाना क्षेत्र के के सीमरवनी गांव निवासी मो. इस्लाम के घर से मवेशी चोरी कर रहा था कि मवेशी खोलते समय गृहस्वामी को पता चल गया।

मवेशी खोलते समय गृहस्वामी ने हल्ला किया तो लोग पहुंचे : गृहस्वामी ने हल्ला किया तो आस-पास के लोग भी पहुंच गए। लोगों को आते देख चोर वहां भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया। लेकिन भागने के दौरान चाेर आलू के खेत में गिर पड़ा। खेत में गिरते ही ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया। जबकि उसका सहयोगी फरार हो गया। जोकीहाट पुलिस की सूचना पर डेढ़ माह पूर्व ही रानीकट्टा गांव निवासी मो. काबुल के अर्ध निर्मित पक्का घर से एक बंदूक व 9 कारतूस बरामद किया गया था। जबकि उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट का वारंट भी निर्गत था।

पुत्र ने कहा पिता की हत्या के पीछे साजिश : मो. काबुल का पुत्र मो. हातीम ने बताया कि मेरे पिताजी को साजिश के तहत मारा गया है। उन्होंने बताया कि मेरे पिता जी को रात को कोई कुचहा सीमरवनी गांव ले गया। जहां उसे मारकर सड़क पर रख दिया गया। उन्होंने पुलिस को इस मामले को लेकर जांच कराने की मांग की है।

एक को दबोचा, दूसरा भागने में रहा सफल : ग्रामीणों का गुस्सा उस पर इस कदर फूटा कि उसे पीटकर बेदम कर दिया। कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई। चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। सिकटी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि काबुल के सिर पर लाठी से गंभीर चोट के निशान थे। दोनों हाथों पर खून के निशान भी थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.