बगहा : रामनगर के एक निजी आवासीय स्कूल में करंट लगने से एक रसोइया की मौत हो गई है। घटना रामनगर थाना क्षेत्र के हरिनगर डैनमरवा मुख्य मार्ग के समीप संचालित ज्ञानोदय पब्लि स्कूल का है।

स्कूल का संचालन आवासीय विद्यालय के रूप में होता है। बताया जा रहा है कि एक बच्चा करंट के चपेट में आ गया। बच्चा को बचाने के लिए रसोईया जुड़ गया। इसके साथ ही दो अन्य बच्चे भी करंट के चपेट में आ गए थे। बच्चों को बचाने के क्रम में रसोईया करंट के चपेट में गंभीर रूप से आ गया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

दरअसल यह घटना उस वक़्त की है जब विद्यालय के बच्चे खेल रहे थे। खेलते खेलते इनमें से एक बच्चा कपड़ा सुखाने वाले लोहे के तार पकड़ कर खड़ा हो गया। तभी अचानक से उसमें करंट आ गया। जिसके बाद एक दूसरा बच्चा उसकी मदद के लिए गया और वह भी उसकी चपेट में आ गया।

इन दोनों को देख बच्चों ने शोरगुल शुरू किया तो पास में खड़े रसोइया ने आकर उनकी मदद करनी चाही। लेकिन तार टूटकर उसके शरीर पर ही गिर गया। उसने बच्चों को तो बचा लिया लेकिन उसकी मौत मौके पर ही हो गई। खाना बनाने वाले की पहचान सकलदेव राम उम्र 45 वर्ष निवासी भैरोगंज परसा के रूप में हुई है।

घटना के तत्काल बाद आस पास के लोगों ने दोनों जख्मी बच्चों के साथ खाना बनाने वालों को भी रामनगर पीएचसी में पहुंचाया जहां डॉ चौबे ने बच्चों का प्राथमिक इलाज किया। उन्होंने बताया कि बच्चे अभी खतरे से बाहर हैं । उनको इलाज के बाद वापस भेज दिया गया है और रसोइया के मौत की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

इधर सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल के व्यवस्था पर सवाल उठाया और बोले कि इस तरह के बदइंतजामी से उनके बच्चों के साथ बड़ी घटना घट सकती है लिहाजा कुछ अभिभावक अपने बच्चे को स्कूल से घर लेकर चले गए। इधर मृतक के परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल है।