पटना : पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने गुरुवार को राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच) की परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण पर उच्च स्तरीय बैठक की। इस क्रम में उन्होंने यह निर्देश दिया कि जमीन अधिग्रहण के काम में तेजी लाए। पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी इस बैठक में मौजूद थे।
पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि एनएच के लिए जमीन अधिग्रहण पर हुई बैठक में मुख्य रूप से तीन सड़क परियोजनाओं पर विशेष रूप से विमर्श हुआ। इसमें मुंगेर-भागलपुर ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट्स, आमस से दरभंगा पथ में गया जिले का हिस्सा तथा पटना में एएनच-30 व एनएच-83 पर चर्चा हुई।
वहीं मुंगेर-भागलपुर ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट की जमीन अधिग्रहण के लिए मुआवजा भुगतान में तेजी का निर्देश दिया गया। पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि इस माह के अंत तक 70 फीसद मुआवजे के भुगतान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पटना जिले के एनएच-30 के बिहटा-परेब पथांश में भू अर्जन के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।
एनएच-83 के नत्थुपर-सरिस्ताबाद के लगभग तीन किमी में भूअर्जन प्रक्रिया की गति बढ़ाने को कहा गया। बैठक में पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख हनुमान चौधरी, एनएच के मुख्य अभियंता अमरनाथ पाठक तथा एनएचएआई के क्षेत्रीय प्रदीप कुमार लाल व मुख्य महाप्रबंधक घनश्याम कुमार भी मौजूद थे।
एक अन्य बैठक इंडो-नेपाल बार्डर सड़क की प्रगति पर भी हुई। इस क्रम मे यह जानकारी दी गई कि 552 किमी सड़क में 184 किमी सड़क में कालीकरण का काम हो चुका है। वहीं 400 किमी हिस्से में मिट्टी का काम हो चुका है। इस पथ को दिसंबर 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

