मध्यप्रदेश : इंदौर में 7 लोगों को जिंदा जलाने वाले आरोपी के मोबाइल से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी संजय उर्फ शुभम दीक्षित पहले युवतियों को अपने प्यार के जाल में फंसाता, फिर उनके मोबाइल से पर्सनल डिटेल्स निकालकर बैंक खातों से रुपए निकाल लेता। वह गूगल में पुलिस से बचने के तरीके भी सर्च करता था।

विजय नगर थाना प्रभारी तहजीब काजी ने बताया, संजय के मोबाइल से 2 जीबी डाटा मिला है। अधिकतर वॉइस रिकॉर्डिंग और कई लड़कियों के फोटो मिले हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। डिलीट किए गए डाटा को रिकवरी के लिए लैबोरेटरी में भेजा है। इस केस में 20 दिन में चालान पेश करने की तैयारी है।

दिल्ली पुणे से जुटा रहे हैं जानकारी
पुलिस के अनुसार दिल्ली व अन्य जगह संजय की महिला मित्र होने की जानकारी मिली है। जिसके लिए पुलिस की एक टीम दिल्ली और पुणे रवाना की है। दिल्ली में भी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। इंदौर की महिला मित्र ने पुलिस को बताया था कि दिल्ली की गर्लफ्रेंड ने संजय के बारे में उसे जानकारी दी थी। संजय उस महिला को भी फ्रॉड में फंसा चुका है। जिसके लिए कई दिन वह जेल में रही थी।

आरोपी की दोस्त ने भी कहा इसे फांसी हो
घटना के बाद आरोपी की महिला मित्र ने कहा कि संजय को फांसी की सजा हो, वह भी कम है क्योंकि उसने बदला लेने के लिए निर्दोष लोगों की जान ली है। घटना के दिन भी वह फोन कर उससे लड़ाई कर रहा था।

वहीं महिला मित्र की मां से बात करने के बाद वह युवती की गाड़ी जलाने पहुंचा था। जिसके कारण पूरी बिल्डिंग में आग लग गई थी। जिसमें 7 लोग जिंदा जल गए थे।
