उत्‍तर ब‍िहार में अगले तीन दिनों तक मौसम में द‍िखेगा बदलाव, कहीं-कहीं हो सकती बारिश

मुजफ्फरपुर। तापमान में गिरावट के बावजूद हवा में नमी की मात्रा बढ़ी हुई है जिससे उमस वाली गर्मी पड़ रही है। सोमवार को सुबह से मौसम सुहाना है। वहीं रविवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे। पूरे दिन धूप-छांव की लुकाछिपी चलती रही। करीब नौ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चली।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान हल्की बारिश के आसार जताए हैं। बारिश के बाद ही गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। इस बीच रविवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री रिकार्ड किया गया।

न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से फिर भी 2.7 डिग्री कम रहा जबकि रात का तापमान सामान्य के बराबर रहा।

 

डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विद्यालय पूसा के नोडल पदाधिकारी डा. ए सत्तार ने बताया कि मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार में अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान तेज हवा भी चलने की संभावना है।

बताया कि पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट हुई। वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री की वृद्धि हुई। इससे रात में उमस के साथ गर्मी अधिक महसूस हुई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.