शेखपुरा में सोमवार को जिले के हथियावा पुलिस ओपी अंतर्गत शेखपुरा – बरबीघा मुख्य सड़क मार्ग पर टाटी नदी पुल के निकट एक ईट – चिमनी भट्ठा के समीप तेज रफ्तार हाईवा ने कार में टक्कर मार दी।

हादसे में कार सवार दुल्हा- दुल्हन सहित 4 लोग बुरी तरह घायल हो गए। हाइवा शेखपुरा की तरफ से बरबीघा की तरफ तेज गति में जा रही थी। जिन्हे स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल कार पर सवार लोग नालंदा के हरगामा से शादी के बाद अपने घर जमुई जिला के प्रेमडीहा गांव लौट रहे थे। इसी क्रम में टाटी नदी के समीप घटना घटित हो गई । घटना में कार पर सवार सभी 4 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।

इसमें एक की स्थिति चिंताजनक है। जबकि तीन लोगों का स्थानीय सदर अस्पताल में इलाज चल रहा हैं। घायलों की पहचान प्रेम डीहा गांव निवासी अलाउद्दीन के 30 वर्षीय वर्षीय सलाउद्दीन , 25 वर्षीय दूल्हा फखरुद्दीन, दुल्हन सबीना खातून और लाडली के रूप में की गई है।

इस घटना में सलाउद्दीन की स्थिति काफी गंभीर बताई गई है। जिसे इलाज हेतु पावापुरी रेफर कर दिया गया है। इस बाबत ओपी अध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक भगवान प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एएसआई देवेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचकर हाइवा को जब्त कर लिया। जबकि चालक निकल भागने में सफल हो गया।
